विदेशी निवेश से बाजार में लगातार 5वें दिन तेजी, सेंसेक्स नए रिकॉर्ड स्तर पर खुला

0
468

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में लगातार पांचवे दिन बढ़त जारी है। सेंसेक्स 296 अंकों की बढ़त के साथ 47,649.79 पर कारोबार कर रहे हैं। इंडेक्स की तेजी को SB, HDFC, बजाज और IT शेयर लीड कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी 187.98 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर के पार पहुंच गया है।

दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स भी 82 अंक ऊपर 13,955.65 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में इंडसइंड बैंक का शेयर 2% ऊपर कारोबार कर रहा है। सुबह BSE सेंसेक्स 112.87 अंक ऊपर 47,466.62 पर और निफ्टी 37 अंक ऊपर 13,910.35 पर खुला।

यूरोप और अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड तेजी के चलते मंगलवार को अन्य एशियाई बाजारों में तेजी है। इसमें जापान का निक्केई इंडेक्स 414 अंक (1.55%) ऊपर 27,269 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 222 अंकों (0.85%) की बढ़त के साथ 26,537 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 13 अंक नीचे 3,383 पर कारोबार कर रहा है।

इस साल प्राइमरी और सेकेंडरी मार्केट से कंपनियों ने 1.78 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। साल 2020 में मार्च के बाद फैले महामारी के बावजूद, इक्विटी बाजारों के माध्यम से 1 लाख 77 हजार 468 करोड़ रुपए जुटाया गया। यह आंकड़ा अब तक का आल टाइम हाई है। 2019 में 82 हजार 241 करोड़ रुपए जुटाए गए थे। उसकी तुलना में इस साल 116% ज्यादा रकम जुटाई गई। इससे पहले किसी एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा जुटाई गई रकम 2017 में 1 लाख 60 हजार 032 करोड़ रुपए थी।

सोमवार को सेंसेक्स 47 हजार के पार बंद
कल हफ्ते के पहले कारोबारी दिन में BSE सेंसेक्स ने अच्छी छलांग लगाई। इंडेक्स 380.21 अंकों की बढ़त के साथ पहली बार 47 हजार 353.75 के स्तर पर बंद हुआ था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 अंक से ज्यादा बढ़कर 13,873 अंक पर बंद हुआ था। सोमवार को बाजार में टीसीएस का शेयर पहली बार 2,949 तक पहुंचा। साथ ही इसका मार्केट कैप भी पहली बार 11 लाख करोड़ रुपए को पार किया। सुबह सेंसेक्स 180 अंक की बढ़त के साथ 47,153 अंक पर खुला था। फाइनेंशियल और रियल्टी शेयरों में कल शानदार बढ़त दर्ज की गई।

यूरोप के बाजारों में जमकर हुई खरीदारी
कल यूरोप के बाजारों में ब्रैग्जिट डील की खबर का असर देखने को मिला। दरअसल, अब ब्रैग्जिट से ब्रिटेन अलग हो गया है। इससे सोमवार को यूरोप के बाजारों में खासकर फ्रांस और जर्मनी के प्रमुख इंडेक्स में अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें फ्रांस का CAC इंडेक्स 66 अंक (1.20%) ऊपर 5,588 पर बंद हुआ था। जर्मनी का DAX इंडेक्स 203 अंकों (1.49%) की बढ़त के साथ 13,790 पर बंद हुआ था। इसके अलावा ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स भी हल्की बढ़त के साथ 6,502 पर बंद हुआ था।

अमेरिकी बाजारों में बढ़त
सोमवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी देखने को मिली। डाउ जोंस इंडेक्स 0.68% की बढ़त के साथ 204 अंक ऊपर 30,404 पर बंद हुआ था। इसी तरह S&P 500 इंडेक्स 32 अंक ऊपर 3,735 पर बंद हुआ था। इसके अलावा नैस्डैक इंडेक्स भी 94 अंक ऊपर 12,899 पर बंद हुआ था। अमेरिकी बाजारों में तेजी की बड़ी वजह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 900 बिलियन डॉलर के राहत पैकेज पर दस्तखत करना रहा।