बढ़त के साथ खुला बाजार, सेंसेक्स 142 अंक उछल कर 46 हजार के पार

0
571

मुंबई। कारोबारी हफ्ते के तीसरे दिन बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई है। सेंसेक्स 142.87 अंक उछल कर 46149.56 पर और निफ्टी 10 अंक ऊपर 13,476.25 पर कारोबार कर रहा है। बाजार की तेजी को IT शेयर लीड कर रहे हैं। निफ्टी IT इंडेक्स 283 अंक ऊपर 23,895.55 पर कारोबार कर रहा है। विप्रो का शेयर 3% से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। सुबह BSE सेंसेक्स 66 अंक ऊपर 46,072.30 पर और निफ्टी 7 अंक ऊपर 13,473.50 पर खुला।

एशियाई बाजारों में तेजी
आज एशियाई बाजारों हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 85 अंकों की बढ़त के साथ 26,205 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 72 अंक ऊपर 26,509 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 28 अंक ऊपर 3,385 पर कारोबार कर रहा है।

मंगलवार को बाजार में रिकवरी
कल बाजार में दोपहर के बाद खरीदारी लौटी। BSE सेंसेक्स 452 अंक ऊपर 46,006.69 पर बंद हुआ था। हालांकि शुरुआती कारोबार में गिरावट के चलते इंडेक्स दिन के निचले स्तर 45,112.19 तक पहुंच गया था। इंडेक्स की तेजी को TCS, बजाज, इंफोसिस और प्रमुख बैंकिंग शेयरों ने लीड किया। इसके अलावा चौतरफा खरीदारी के चलते निफ्टी इंडेक्स भी 137.90 अंक ऊपर 13,466.30 पर बंद हुआ था। इंडेक्स में अदाणी पोर्ट और HCL टेक के शेयर 5-5% की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

यूरोप के बाजारों में खरीदारी
कल यूरोप के बाजारों में भारी खरीदारी रही। फ्रांस का CAC इंडेक्स 73 अंक (1.36%) ऊपर 5,466 पर बंद हुआ था। जर्मनी का DAX इंडेक्स 171 अंकों (1.30%) की बढ़त के साथ 13,418 पर बंद हुआ था। इसके अलावा ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स भी 36 अंक ऊपर 6,453 पर बंद हुआ था।

अमेरिकी बाजारों में बिकवाली
मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में गिरावट देखने को मिली। डाउ जोंस इंडेक्स 0.67% की गिरावट के साथ 200.94 अंक नीचे 30,015.50 पर बंद हुआ था। इसी तरह S&P 500 इंडेक्स भी 7 अंक नीचे 3,687 पर बंद हुआ था। दूसरी ओर नैस्डैक इंडेक्स 65 अंक ऊपर 12,807 पर बंद हुआ था।