मांगों को लेकर बैंक ऑफ इंडिया कर्मियों ने प्रदर्शन किया

0
489

कोटा। बैंक ऑफ इंडिया प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी मानसिक के विरोध में फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टॉफ यूनियंस के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के आव्हान पर आज बैंक ऑफ इंडिया कर्मियों ने शाम को बैंक की एरोड्राम चौराहा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया कोटा शाखा के समक्ष मांगों के पोस्टर लेकर कोरोना निर्देश का पालन करते हुए प्रदर्शन किया।

उपस्थित बैंक कर्मियों को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन राजस्थान के अध्यक्ष पदम पाटोदी ने बताया कि लिपिक, अधीनस्थ,सफाई कर्मचारियों तथा सुरक्षा प्रहरियों की समुचित संख्या में भर्ती करने,विभिन्न वित्तीय लाभों में समुचित हिस्सेदारी,बैंक में सरकारी भागीदारी कम करके निजीकरण के प्रयास के विरोध,स्वास्थ्य जांच में भेदभाव समाप्त करने जैसे मुद्दों को लेकर बैंक ऑफ इंडिया कर्मी पिछले एक साल से संघर्षरत हैं तथा हड़ताल भी कर चुके हैं।परंतु बैंक प्रबंधन का रवैया नकारात्मक है।

अध्यक्ष पदम पाटोदी ने बताया कि केंद्रीय श्रमायुक्त के दखल के बावजूद कोई हल नही निकल सका है। इसलिए 15 दिसम्बर को बैंक के आंचलिक कार्यालयों पर धरना दिया जाएगा। मांगे मंजूर न होने पर आगे फेडरेशन के आव्हान पर बैंक ऑफ इंडिया कर्मी दो दिवसीय हड़ताल के लिए तैयार हैं। प्रदर्शन में बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य श्याम महावर व राजेश अग्रवाल तथा एआईबीईए के साधारण सभा सदस्य ललित गुप्ता, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन जिलाध्यक्ष अशोक ढल उपाध्यक्ष अनिल ऐरन तथा बैंक कर्मी नेता यतीश शर्मा भी उपस्थित थे।उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया कर्मियों के आंदोलन का समर्थन किया।