कोटा/ कनवास/ देवली। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। श्री नागर ने रविवार को कनवास और देवली में आयोजित होली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिलकर हालचाल जाने और होली की शुभकामनाएं दीं। ऊर्जा मंत्री ने ग्रामीणों से जनसंपर्क कर होली की राम राम की।
इस दौरान मंत्री श्री नागर ने अभाव अभियोग लेकर आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंत्री नागर का दरा स्टेशन समेत रास्ते में कईं जगह स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर होली का तिलक लगाया।
श्री नागर ने कर्णेश्वर गौशाला कनवास तथा आवां चौराहा देवली- सांगोद रोड पर आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्री श्री नागर ने कहा कि कार्यकर्ता कभी भी कद और पद से छोटा या बड़ा नहीं होता है। भाजपा का हर कार्यकर्ता हमेशा बराबर होता है। पद एक व्यवस्था है, लेकिन बड़े पद वाला भी कार्यकर्त्ता ही है।
उन्होंने कहा कि होली सद्भाव, उमंग, प्रेम और सौहार्द का त्यौहार है। होली हर तरह की कटुता को भूलकर सभी को गले लगाने का पर्व है। होली पर कोई किसी बात बुरा नहीं मानता है। अगर यही व्यवस्था पूरे वर्ष भर चलती रहे तो जीवन का आनंद ही अलग हो।
सार्वजनिक जीवन में तो कभी किसी का बुरा नहीं मानना चाहिए। यह मान लें कि हर दिन होली है। जीवन को सदैव आशावान बनाएं रखें, निराशा कभी नहीं आने दें। होली दिवाली किसानों के घर धन धान्य से भरने के लिए ही आती है।
उन्होंने कहा कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र में दोनों बजट में ही विकास के लिए माननीय मुख्यमंत्री का खूब आशीर्वाद मिला है। आज 300 करोड़ से भी अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। बजट भाषण में भी मुख्यमंत्री जी ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के लिए और सिमलिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा की है।
सरकार ने गरीबों और वंचितों के लिए ढेर सारी योजनाएं चलाई हैं। जिन्हें जनता तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ता को करना है। इस दौरान जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, मण्डल अध्यक्ष सत्यवान नागर, विजयशंकर सैनी समेत कईं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।