कोटा के भूतपूर्व सैनिक शक्ति सिंह हाड़ा स्पार्टाथलॉन मैराथन एथेंस में लेंगे हिस्सा

0
7

कोटा। विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक, 42वीं स्पार्टाथलॉन, 28 सितंबर को एथेंस में शुरू होगी। इस वर्ष के आयोजन में 395 अंतरराष्ट्रीय धावक हिस्सा लेंगे, जिनमें भारत के प्रतिनिधि के रूप में कोटा, राजस्थान के शक्ति सिंह हाड़ा भी शामिल हैं।

शक्ति सिंह ने बताया कि उनका बिब नंबर 383 है। यह उनकी प्रथम अंतरराष्ट्रीय दौड़ है, वह कई राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिताओं में राजस्थान का नाम रोशन कर चुके हैं। गौरतलब है कि शाक्तिसिंह 26 जनवरी 2022 को कोटा में 26 घण्टे कि दौड़ पूरी कर चुके हैं।

36 घंटों में 246 किलोमीटर का सफर
हाड़ा ने बताया कि विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक, 42वीं स्पार्टाथलॉन 28 सितंबर को सुबह 7 बजे एथेंस से स्पार्टा, ग्रीस से प्रारंभ होगी। विश्व के 395 प्रतिभागी 246 किलोमीटर की दूरी 36 घंटे में पूरी करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मैराथन में 18 वर्ष से अधिक अनुभवी, स्वस्थ और अच्छी तरह से प्रशिक्षित धावक ही हिस्सा ले सकते हैं और प्रतिभागियों को अपने स्वास्थ्य की पूरी जिम्मेदारी लेनी होती है।

चुनौतियां और मार्ग
स्पार्टाथलॉन केवल एक लंबी दौड़ नहीं है, बल्कि यह धावकों की शारीरिक और मानसिक क्षमता की एक कठोर परीक्षा है। 246 किलोमीटर का मार्ग विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों से गुजरता है, जिसमें पहाड़ी इलाके, तेज धूप और रात की ठंड शामिल हैं। धावकों को इन सभी चुनौतियों का सामना करते हुए 36 घंटे की समय सीमा में दौड़ पूरी करनी होती है।

भारतीय प्रतिनिधित्व
भारत का प्रतिनिधित्व कोटा के भूतपूर्व सैनिक शक्ति सिंह हाड़ा सहित देश के कुल 4 धावक करेंगे। हाड़ा एक अनुभवी अल्ट्रा मैराथन धावक हैं और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि 197 किमी की दूरी ताऊ देवीलाल स्टेडियम चंडीगढ़ 2024 में आयोजित टफमैन में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा वर्ष 2023 में बॉर्डर रेस में 161 किमी 18 घंटे 17 मिनट में जैसलमेर से लोंगेवाला बॉर्डर दौड़ में चौथा, टफ मैन रेस स्टेडियम रन (चंडीगढ़) 2023 में 204 किमी, बैकयार्ड अल्ट्रा वर्ल्ड चैंपियनशिप – गुरुग्राम (2022) में 134 किमी, बैकयार्ड अल्ट्रा रन जयपुर (2021) में 174 किमी, बेंगलुरु स्टेडियम रन (2021) में 100 किमी, चंबल चैलेंज कोटा 2020 में 84 किमी की दूरी पूरी कर चुके हैं।

स्पार्टाथलॉन क्या है?
स्पार्टाथलॉन विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मैराथनों में से एक है। यह 246 किलोमीटर (153 मील) लंबी दौड़ एथेंस से स्पार्टा तक के प्राचीन मार्ग पर आयोजित की जाती है। स्पार्टाथलॉन का आयोजन प्राचीन यूनानी योद्धा फिडिप्पिडेस की स्मृति में किया जाता है, जिन्होंने 490 ईसा पूर्व में मैराथन की लड़ाई के बाद एथेंस से स्पार्टा तक दौड़ लगाई थी।