GDP Growth: भारत की अर्थव्यवस्था 2023-24 में 8.2 प्रतिशत की दर से दौड़ी

0
11

नई दिल्ली। GDP Growth : लोक सभा चुनावों के बीच अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है। देश के ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्‍ट (GDP) में वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 8.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में अर्थव्यवस्था सात प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ रेट (GDP Growth Rate) 7.8 प्रतिशत रही जबकि वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में जीडीपी में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। हालांकि अक्टूबर-दिसंबर, 2023 की तुलना में मार्च तिमाही की वृद्धि रफ्तार में नरमी आई है। दिसंबर तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 8.6 प्रतिशत की उच्च दर से बढ़ी थी।

2022-23 में 7 प्रतिशत रही थी GDP ग्रोथ रेट
आंकड़ों के अनुसार, 2022-23 में 7 प्रतिशत की वृद्धि की तुलना में भारत की अर्थव्यवस्था (Indian Economy) 2023-24 में 8.2 प्रतिशत के ग्रोथ रेट से दौड़ी है। एनएसओ (NSO) ने अपने दूसरे एडवांस अनुमान में 2023-24 के लिए देश की अर्थव्यवस्था के 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान जताया था।

चीन की जीडीपी 5.3 प्रतिशत की दर से बढ़ी
दूसरी तरफ आर्थिक मोर्चे पर भारत के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी चीन की इकॉनमी (China Economy) साल 2024 के पहले तीन महीनों में 5.3 प्रतिशत की दर से बढ़ी है जो भारत की तुलना में कम है।