जरूरतमंद बालिकाओं की चिकित्सा, शिक्षा के लिए रोजाना 1 रुपया गुल्लक में डालेंगे

0
57

अग्रवाल समाज की महिलाओं ने शुरू किया आश्रय प्रकल्प, गुल्लक का किया वितरण

कोटा। Agra Aarohi Agrawal Mahila Manch: बालिका दिवस पर बुधवार को अग्रवाल समाज की महिलाओं के द्वारा अग्र आरोही अग्रवाल महिला मंच का गठन किया गया। संस्थापिका शिखा गुप्ता ने बताया कि अध्यक्ष शालू अग्रवाल और सचिव पूजा मित्तल की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने बुधवार को अग्रवाल सेवा सदन में शपथ ग्रहण की।

समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अग्रवाल जिला सम्मेलन के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल थे। अध्यक्षता अग्रवाल समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील गर्ग ने की। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र गोयल मुख्य वक्ता के रुप में मौजूद रहे। शिखा गुप्ता ने बताया कि मंच की ओर से सामाजिक कार्यक्रम, फेलोशिप प्रोग्राम और पर्सनलिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम के साथ सेवा के स्थाई प्रकल्प शुरू किए जाएंगे।

इस दौरान मंच की ओर से “आश्रय” प्रकल्प के तहत गुल्लक प्रोग्राम की शुरुआत की गई की। अध्यक्ष शालू अग्रवाल ने बताया कि सभी महिला कार्यकर्ताओं को एक- एक गुल्लक का वितरण किया गया है। जिसमें परिवार का प्रत्येक सदस्य न्यूनतम 1 रुपया रोजाना डालेगा। इस गुल्लक में एकत्र हुई राशि को हर 3 महीने में एकत्रित किया जाएगा। इस राशि को जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा, चिकित्सा और स्वास्थ्य समेत अन्य सेवाकार्य पर खर्च किया जाएगा। जल्द ही आश्रय प्रकल्प के तहत समाज की अध्ययनरत जरुरतमंद बालिकाओं को हॉस्टल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

समारोह के दौरान मुख्य वक्ता सुरेन्द्र गोयल विचित्र ने कहा कि सभी समाज के महिला संगठन धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले सामाजिक कार्यों के साथ ही अपने समाज की बहन बेटियों के लिए शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार संबंधी स्थाई सेवा कार्य स्थापित करें।

उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में सोशल मीडिया हर इंसान के लिए जानकारी प्राप्त करने का एक आवश्यक साधन बन गया है। इसके बिना जिंदगी अधूरी सी लगती है, परन्तु अब युवा पीढ़ी में इसके दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। अग्रवाल समाज के महिला संगठन सोशल मीडिया से फैल रही गंदगी और दुष्प्रभावों को हटाने का सेवाकार्य करते हुए अपने बच्चों और परिवार के साथ समाज को सुरक्षित करें। उन्होंने सोशल मीडिया का सही उपयोग करने के लिए महिलाओं को जागरूक किया।

मंच की अध्यक्ष शालू अग्रवाल ने कहा कि संस्था द्वारा अग्रसेन जयंती पर कईं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाराजा अग्रसेन की मुख्य शोभायात्रा में संस्था की सभी सदस्य एक ही वेशभूषा में ध्वजा लेकर चलेंगी। संचालन कीर्ति अग्रवाल ने किया। सचिव पूजा मित्तल ने आभार प्रकट किया।

समारोह में कोषाध्यक्ष सिम्मी गोयल, संयुक्त सचिव गरिमा मोदी, उपाध्यक्ष अलका अग्रवाल, शिल्पी गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य कीर्ति अग्रवाल, निहारिका गुप्ता एवं संगीता रुंगटा ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सुरेश अग्रवाल, रामबिलास जैन, संजय गोयल, चेतन प्रकाश मित्तल, चंद्रप्रकाश सिंहल, संतोष गुप्ता समेत कईं लोग उपस्थित रहे।