निवेशकों को 8.29 लाख करोड़ का घाटा, शेयर बाजार में साल की सबसे बड़ी गिरावट

0
259

मुंबई। हफ्ते के पहले दिन सोमवार को निवेशकों को भारी घाटा हुआ है। सोमवार को मार्केट कैप में 8.29 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है। शुक्रवार को यह 263.47 लाख करोड़ रुपए था जो आज 255.11 लाख करोड़ रुपए रहा।

दो दिनों में इसमें 12 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। शुक्रवार को यह 4 लाख करोड़ घटा था। साल 2022 की यह शेयर बाजार की सबसे बड़ी गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल TCS ही बढ़त में रहा, बाकी 29 शेयरों में गिरावट रही। TCS का शेयर 1.05% बढ़ा है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,747 अंक टूटकर 56,405 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 531 अंक गिर कर 16,842 पर बंद हुआ। पेटीएम का शेयर 4.7% टूटकर 863 रुपए, नायका का शेयर 7.78% गिर कर 1,515 और जोमैटो का स्टॉक 6.82% गिर कर 82.70 रुपए पर बंद हुआ। इन तीनों नई उम्र की कंपनियों का यह सबसे निचला स्तर है।

स्माल और मिड कैप इंडेक्स में भारी गिरावट
स्माल और मिड कैप इंडेक्स 4-4% टूटे हैं। गिरावट का मुख्य कारण यूक्रेन और रूस के बीच तनाव है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 7 साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं। यह 93 डॉलर प्रति बैरल के पार हैं। बाजार में यह भी अनिश्चितता है कि LIC का IPO कैसा रहेगा। सरकार अब तक का सबसे बड़ा IPO लेकर आ रही है और फाइनेंशियल सेक्टर में यह सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी होगी।

1,432 अंक नीचे खुला था सेंसेक्स
आज सेंसेक्स शुक्रवार से 1,432 अंक नीचे 56,720 पर खुला था। इसने 57,191 का ऊपरी स्तर और 56,295 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल TCS ही बढ़त में रहा, बाकी 29 शेयरों में गिरावट रही। बैंकिंग शेयर्स जमकर टूटे हैं। SBI 5.2%, HDFC 5.3% और ICICI बैंक का शेयर 4.50% टूटा है।

इनके अलावा टाटा स्टील का स्टॉक सेंसेक्स में सबसे ज्यादा 5.49% गिरा जबकि इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक और मारुति के शेयर्स 4-4% से ज्यादा गिरे हैं। लार्सन एँड टुब्रो, एक्सिस बैंक, एयरटेल, विप्रो, ITC, महिंद्रा एंड महिंद्रा, NPTC, अल्ट्राटेक, बजाज फाइनेंस और HDFC बैंक के स्टॉक 3-3% से ज्यादा गिरे हैं।

मार्केट कैप घटकर 255.61 लाख करोड़
शेयर मार्केट में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 255.61 लाख करोड़ रुपए रह गया, जो शुक्रवार को 263.47 लाख करोड़ रुपए था। एशियन पेंट्स का स्टॉक 2% जबकि टाइटन, रिलायंस, सनफार्मा और नेस्ले के भी शेयर नीचे रहे।

सेंसेक्स के 256 स्टॉक अपर और 764 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट आ सकती है और न बढ़त हो सकती है। इसके कुल शेयर्स में से 2980 स्टॉक गिरावट में रहे और 571 बढ़त में रहे।

निफ्टी में 531 अंकों की गिरावट
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 531 पॉइंट्‌स गिरकर 16,842 पर बंद हुआ। यह 17,076 पर खुला था और 16,809 का निचला तथा 17,099 का ऊपरी स्तर बनाया। इसका नेक्स्ट 50 इंडेक्स 3% टूटा है जबकि मिडकैप, बैंकिंग और फाइनेंशियल इंडेक्स 4-4% से ज्यादा गिरा है।

केवल 1 स्टॉक बढ़त में
निफ्टी के 50 स्टॉक में से केवल 1 बढ़त में है जबकि 49 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में केवल TCS है। गिरने वाले प्रमुख शेयर में महिंद्रा एंड महिंद्रा, JSW स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील HDFC लाइफ और HDFC हैं। इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 773 पॉइंट्स गिर कर 58,152 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक टूटकर 17,374 पर बंद हुआ।