निवेशकों को पहले मिनट में 5 लाख करोड़ का घाटा, सेंसेक्स 1,163 अंक टूटकर 56,989 पर खुला

0
188

मुंबई। शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट चल रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स खुलते ही 1,163 अंक टूटकर 56,989 पर पहुंच गया है। निवेशकों को पहले मिनट में 5 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 258.11 लाख करोड़ रुपए है जो शुक्रवार को 263.47 लाख करोड़ रुपए था। आज सेंसेक्स 1,432 अंक नीचे 56,720 पर खुला था। इसने 57,140 का ऊपरी स्तर और 56,720 का निचला स्तर पहले घंटे में बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल TCS बढ़त में है बाकी 29 गिरावट में हैं। बैंकिंग शेयर्स जमकर टूटे हैं। SBI 4%, HDFC 3% और ICICI बैंक का शेयर 3.50% टूटा है।

अन्य गिरने वाले स्टॉक में अल्ट्राटेक, डॉ. रेड्‌डी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व और HDFC बैंक के शेयर 3-3% से ज्यादा टूटे हैं। एयरटेल, टाइटन, एशियन पेंट्स, मारुति, टेक महिंद्रा, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, विप्रो नेस्ले के शेयर्स 2-2% टूटकर कारोबार कर रहे हैं।

इनके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, ITC और NTPC के शेयर्स 1-1%से ज्यादा नीचे हैं। सेंसेक्स के 148 स्टॉक अपर और 386 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट आ सकती है और न बढ़त हो सकती है।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 362 पॉइंट्‌स गिरकर 17,012 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,076 पर खुला था और 16,915 का निचला तथा 17,099 का ऊपरी स्तर बनाया। इसका नेक्स्ट 50 इंडेक्स 2% टूटा है जबकि मिडकैप 2.59%, बैंकिंग 2.66% और फाइनेंशियल इंडेक्स 2% टूटा है।

निफ्टी के 50 स्टॉक में से केवल 2 बढ़त में हैं जबकि 48 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में केवल ONGC और TCS हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर में महिंद्रा एंड महिंद्रा, JSW स्टील, SBI, HDFC लाइफ और HDFC हैं। इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 773 पॉइंट्स गिर कर 58,152 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक टूटकर 17,374 पर बंद हुआ।