सेंसेक्स 1170 अंक टूटकर 58,465 पर बंद, मार्केट कैप 7.86 लाख करोड़ घटा

0
289

मुंबई। शेयर बाजार के लिए सप्ताह का पहला दिन सोमवार अच्छा नहीं रहा। शुरुआत से ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेसेंक्स और एनएसई का निफ्टी लाल निशान कारोबार करता रहा। बिकवाली के दबाव में बीएसई का सेंसेक्स कारोबार के अंत में 1170 अंक टूटकर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 348 अंकों फिसलकर बंद हुआ। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 7.86 लाख करोड़ रुपए घटा। गुरुवार को यह 269.20 लाख करोड़ रुपए था। आज यह 261.34 लाख करोड़ रुपए रहा।

सेंसेक्स आज 287.16 अंक या 0.48 फीसदी की गिरावट साथ 59,348.85 के स्तर पर खुला था और इसमें कारोबार के अंत तक गिरावट जारी रही। दिन भर के कारोबार के दौरान यह 1333.88 अंकों या 2.24 फीसदी तक कम होकर 58,302.13 के स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि, कारोबार के अंत में सेंसेक्स थोड़ा संभला और 1170 अंक गिरकर 58,465.89 के स्तर पर बंद हुआ।

एनएसई के निफ्टी के लिए भी आज का दिन खराब रहा और कमजोर शुरुआत करने के बाद निफ्टी भी उबर नहीं पाया। बाजार शुरू होने पर निफ्टी 87.35 अंक या 0.49 फीसदी टूटकर 17,677.45 के स्तर पर खुला था। इसके बाद इसमें दिन बढ़ने के साथ-साथ गिरावट आती गई। कारोबार के दौरान निफ्टी 392.45 अंक या 2.41 फीसदी की गिरावट के साथ 17372.35 के स्तर के निचले स्तर तक पहुंचा था। कारोबार के अंत में निफ्टी 348 अंक गिरकर 17,416 के स्तर पर बंद हुआ।

बजाज ग्रुप के शेयर 5-5% टूटे
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में बजाज फाइनेंस 5.74% और बजाज फिनसर्व 4.65% टूटकर बंद हुआ। NTPC, टाइटन, SBI, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति बैंक 3-3% से ज्यादा टूटकर बंद हुए। एक्सिस बैंक, सन फार्मा और ITC ढाई -ढाई पर्सेंट से ज्यादा टूटे। बढ़त में एयरटेल का शेयर करीबन 4% बढ़कर बंद हुआ।BSE के करीबन सभी इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।

निफ्टी के 41 शेयर्स गिरावट में
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 41 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि 9 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी आज 17,796 पर खुला था और 17,280 का निचला स्तर बनाया। 17,805 का हाई बनाया। इसका मिडकैप इंडेक्स 2.96% और निफ्टी बैंक 2.23% टूटकर बंद हुआ। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेस 2.31% टूटा

रिलायंस के मार्केट कैप में 70 हजार करोड़ रुपए की कमी आज आई है। पिछले एक हफ्ते में यह शेयर करीबन 10% टूट चुका है। कंपनी ने शुक्रवार की देर रात यह बयान दिया था कि सऊदी अरामको के साथ उसकी डील फिलहाल नए सिरे से होगी। इसके लिए वैल्यूएशन फिर से किया जाएगा।