साधारण सभा में ट्रैवल मार्ट-2 को अभूतपूर्व सफल बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय
कोटा। कोटा व्यापार महासंघ की साधारण सभा की बैठक रविवार को एक होटल में आयोजित हुई, जिसमें महासंघ की करीब 170 संस्थाओं के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन को भव्य, ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व सफल बनाने के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोटा को लगातार दूसरी बार कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के आयोजन की स्वीकृति मिलना हाड़ोती के पर्यटन विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए यहां के व्यापारी, उद्यमी, होटल एवं रिसॉर्ट व्यवसायी, जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार सामूहिक प्रयास कर रहे हैं। ट्रैवल मार्ट जैसे बड़े आयोजन इन प्रयासों को नई गति प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में आयोजित प्रथम ट्रैवल मार्ट की अपार सफलता, शानदार व्यवस्थाओं एवं बेहतरीन आतिथ्य सत्कार से देशभर में कोटा की एक सकारात्मक पहचान बनी। इस संदेश और उपलब्धि को आगे बढ़ाने के लिए ट्रैवल मार्ट-2 का आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
राज्य सरकार भी ऐसे बड़े आयोजन को तभी स्वीकृति प्रदान करती है, जब उस क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं एवं पर्याप्त पर्यटन स्थल मौजूद हों। लगातार दूसरी बार ट्रैवल मार्ट का आयोजन स्वीकृत होना इस बात का प्रमाण है कि हाड़ोती पर्यटन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।
माहेश्वरी ने बताया कि ट्रैवल मार्ट-2 की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही मात्र दो दिनों में देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से 250 से अधिक टूर ऑपरेटर्स, इन्फ्लुएंसर्स, इवेंट प्लानर्स एवं वेडिंग प्लानर्स ने पंजीकरण करवाकर कोटा आने की सहमति जताई है। यह उत्साह पिछले ट्रैवल मार्ट की सफलता, कोटा के आतिथ्य सत्कार एवं हाड़ोती के पर्यटन स्थलों के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।
महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र, अनिमेष जैन एवं काका हरविंदर सिंह ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ हाड़ोती की अर्थव्यवस्था को गति देने तथा व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महासंघ की सभी 170 संस्थाओं ने पिछले ट्रैवल मार्ट में भी पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता निभाकर आयोजन को ऐतिहासिक सफल बनाया था। इसके परिणामस्वरूप कोटा में देशी एवं विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में लगातार सकारात्मक वृद्धि हो रही है।
उन्होंने कहा कि महासचिव अशोक माहेश्वरी के अथक प्रयासों से कोटा में कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन को राज्य सरकार की मंजूरी मिलना पर्यटन विकास के अभियान को निरंतर गतिशील बनाए रखेगा। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा एवं लाडपुरा विधायक कल्पना देवी का आभार व्यक्त किया।
उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र ने कहा कि इस आयोजन में पूरे कोटा शहर एवं विशेष रूप से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अतुलनीय सहयोग रहा। प्रथम ट्रैवल मार्ट ने देश के बेहतरीन पर्यटन आयोजनों में अपनी पहचान बनाई और हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई ।
महासंघ के सचिव मुकेश भटनागर एवं यश मालवीय ने कहा कि ट्रैवल मार्ट-2 के प्रचार-प्रसार के लिए महासंघ की सभी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएं। सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रैवल मार्ट की गतिविधियों, हाड़ोती के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य एवं अन्य आकर्षणों की जानकारी देशभर में व्यापक रूप से प्रसारित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी संस्थाओं को एकजुट होकर इस आयोजन को भव्य, उपयोगी एवं सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे, जिससे हाड़ोती पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिले।
महासंघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन एवं सलाहकार निदेशक देवेंद्र कुमार जैन ने कहा कि पिछले दो वर्षों के निरंतर प्रयासों से हाड़ोती राजस्थान के प्रमुख पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। देश-विदेश के पर्यटक धीरे-धीरे यहां आने लगे हैं, लेकिन हाड़ोती को एक संपूर्ण एवं स्थापित पर्यटन नगरी के रूप में पहचान दिलाने के लिए अभी और व्यापक प्रयासों की आवश्यकता है।
महासचिव माहेश्वरी ने महासंघ की सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे कोटा की अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं रोजगार को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने बताया कि कोटा में पर्यटन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने एवं बड़े ब्रांड के होटल स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पिछले माह कोटा-दरा रोड पर आईटीसी एवं रमाडा ग्रुप के बड़े होटल प्रोजेक्ट के लिए करार हुआ है, जिनका कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
इसके अलावा अन्य बड़े निवेशकों को भी कोटा में पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा की बढ़ती कनेक्टिविटी, भारत माला सुपर एक्सप्रेसवे एवं एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आने वाले समय में पर्यटन एवं औद्योगिक निवेश के लिए नए अवसर पैदा करेंगे।
उन्होंने बताया कि कोटा में पर्यटन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने एवं बड़े ब्रांड के होटल स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पिछले माह कोटा-दरा रोड पर आईटीसी एवं रमाडा ग्रुप के बड़े होटल प्रोजेक्ट के लिए करार हुआ है, जिनका कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
इसके अलावा अन्य बड़े निवेशकों को भी कोटा में पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा की बढ़ती कनेक्टिविटी, भारत माला सुपर एक्सप्रेसवे एवं एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आने वाले समय में पर्यटन एवं औद्योगिक निवेश के लिए नए अवसर पैदा करेंगे।
महासचिव माहेश्वरी ने बताया कि 30 नवंबर को उदयपुर एवं 1 दिसंबर को चित्तौड़गढ़ में रोड शो आयोजित होंगे। इन रोड शो का उद्देश्य हाड़ोती एवं मेवाड़ को एक नए पर्यटन सर्किट के रूप में जोड़कर दोनों क्षेत्रों के पर्यटन विकास को बढ़ावा देना है।
इन आयोजनों में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह एवं राजस्थान की विभिन्न इकाइियों के पदाधिकारी भी भागीदारी निभाएंगे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर ट्रैवल मार्ट-2 को ऐतिहासिक सफल बनाने तथा हाड़ोती को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया।

