चुनौतीपूर्ण रहा स्टैंडर्ड एग्जाम इन हाई स्कूल साइंस का पेपर, कॉन्सेप्ट की समझ आई काम

0
7

कोटा। इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स की ओर से रविवार को स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन हाई स्कूल साइंस (एसइएचएसएस)-2026 का आयोजन किया गया। सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक हुई परीक्षा में कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का कठिनाई स्तर चुनौतीपूर्ण रहा। प्रश्नों में किताबी ज्ञान के बजाय कॉन्सेप्ट की समझ, तार्किक क्षमता और विश्लेषणात्मक सोच को अधिक महत्व दिया गया।

मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने बताया कि परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स के कुल 60 प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक विषय से 15 प्रश्न शामिल थे, जिनमें 12 सिंगल करेक्ट और 3 मल्टीपल करेक्ट प्रश्न थे। इस तरह चारों विषयों को समान वेटेज दिया गया।

मल्टीपल करेक्ट प्रश्नों के जरिए विद्यार्थियों की विषयों पर पकड़, कॉन्सेप्ट की स्पष्टता और एक से अधिक सही विकल्पों की पहचान करने की क्षमता को परखा गया। प्रश्नों को हल करने के लिए केवल तथ्यों की जानकारी पर्याप्त नहीं थी, बल्कि विषयों की गहरी समझ और उनका सही परिस्थितियों में उपयोग करना भी जरूरी था।

किताबी ज्ञान के बजाय कॉन्सेप्ट की समझ पर जोर
नितिन विजय ने बताया कि एसइएचएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान और गणित के प्रति जिज्ञासा विकसित करना और उन्हें रटने के बजाय समझकर पढ़ने के लिए प्रेरित करना है। परीक्षा में मूलभूत सिद्धांतों के साथ उनके व्यावहारिक प्रयोग पर भी फोकस रहा। सिंगल करेक्ट और मल्टीपल करेक्ट प्रश्नों के मिश्रित पैटर्न से विद्यार्थियों की एक्यूरेसी, बारीकियों पर ध्यान देने की क्षमता और तार्किक विश्लेषण का आकलन किया गया। इस तरह परीक्षा में यह परखने का प्रयास किया गया कि विद्यार्थी किसी कॉन्सेप्ट को समझने के साथ उसे नई परिस्थितियों में किस तरह लागू कर सकते हैं। चारों विषयों में कुछ सवालों का स्तर काफी अच्छा था। उनको हल करने के लिए 11 और 12 वीं के स्तर की जानकारी की जरूरत थी।

शीर्ष 125 विद्यार्थियों को मिलेगा कैंप का मौका
परीक्षा केंद्र के शीर्ष 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को सेंटर टॉपर सर्टिफिकेट, राज्य स्तर के शीर्ष एक प्रतिशत विद्यार्थियों को स्टेट टॉपर मेरिट सर्टिफिकेट और राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष एक प्रतिशत विद्यार्थियों को नेशनल टॉपर मेरिट सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। इसके आलावा ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ, साउथ और सेंट्रल जोन में से प्रत्येक जोन के शीर्ष 25 विद्यार्थियों को 10 दिवसीय ओरिएंटेशन कैंप फॉर साइंस एक्सीलेंस (ओसीएसई) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इस तरह पांचों जोन से कुल 125 विद्यार्थियों को कैंप में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कैंप में थ्योरी और एक्सपेरिमेंट के माध्यम से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ विकसित करने पर जोर रहेगा। कैंप सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल भी प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर
नितिन विजय के अनुसार, एसइएचएसएस विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता और विषयों की समझ परखने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, राज्य बोर्ड, ओपन स्कूल और अंतरराष्ट्रीय बोर्ड के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। परीक्षा का व्यापक उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक विश्लेषण और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं तलाश सकें।