कोटा। हनुमानजी केवल भक्ति, शक्ति और समर्पण के प्रतीक ही नहीं, बल्कि अद्भुत दूरदर्शिता, संगठन क्षमता और कुशल प्रबंधन के भी उदाहरण हैं। वे परिस्थितियों को समझकर सही समय पर सही निर्णय लेने की कला जानते थे।
उनकी इसी सूझबूझ ने भगवान श्रीराम और सुग्रीव को एक-दूसरे का सहयोगी बनाया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि जीवन में बड़े से बड़ा कार्य अकेले नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और सहयोग से पूरा किया जा सकता है।
छप्पन भोग परिसर में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा के दूसरे दिन प्रसिद्ध कथावाचक एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या के महासचिव स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज ने राम-सुग्रीव मिलन, सुग्रीव के राज्य में हनुमानजी की भूमिका, सीता माता की खोज, स्वयंप्रभा-संपाति प्रसंग और सागर लांघन जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और पूरा पांडाल भगवान श्रीराम एवं हनुमानजी के जयकारों से गूंजता रहा।
महाराज जी ने राम-सुग्रीव मित्रता के प्रसंग को समझाते हुए बताया कि जब सुग्रीव ने भगवान श्रीराम के सामने मित्रता के लिए हाथ बढ़ाया तो हनुमानजी ने तत्काल उन्हें रोक दिया। उन्होंने अपने साथियों से मिट्टी मंगवाकर वेदी बनाई, लकड़ियों को रगड़कर अग्नि प्रज्वलित की और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्नि स्थापना करवाई।
इसके बाद भगवान श्रीराम और सुग्रीव के हाथों में पुष्प देकर अग्नि की पूजा और परिक्रमा करवाई। अग्नि एवं देवताओं को साक्षी मानकर दोनों से आजीवन मित्रता निभाने और विपरीत परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ने का संकल्प करवाया।
महाराज जी ने कहा कि यही हनुमानजी की दूरदर्शिता थी। बातचीत करना एक बात है, लेकिन हाथ में हाथ लेकर वचन देना दूसरी बात है। मनुष्य केवल अपने कार्यों से ही नहीं, बल्कि अपनी श्रेष्ठ सोच और विचारों से भी सफलता प्राप्त करता है। विचार ऊंचे होने चाहिए, लेकिन उनका धरातल पर उतरना भी जरूरी है।
सफलता का मंत्र है परस्पर सहयोग
महाराज जी ने जीवन प्रबंधन का सूत्र देते हुए कहा कि न तो पूरी तरह दूसरों पर निर्भर रहना चाहिए और न ही स्वयं को पूरी तरह स्वतंत्र मानकर चलना चाहिए। जीवन में इंटरडिपेंडेंस यानी परस्पर सहयोग का सिद्धांत अपनाना चाहिए। जब हम दूसरों की जरूरतों को पूरा करते हैं और दूसरे हमारी आवश्यकताओं में सहयोग करते हैं, तभी बड़े से बड़ा काम संभव होता है। हनुमानजी ने भी भगवान श्रीराम और सुग्रीव की जरूरतों को समझकर दोनों के बीच सहयोग का सेतु बनाया। भगवान श्रीराम को सीता माता की खोज के लिए सहयोग चाहिए था और सुग्रीव को बाली के भय से मुक्ति के लिए शक्तिशाली मित्र की आवश्यकता थी।
सुग्रीव के पीछे कौन है
महाराज जी ने बाली और सुग्रीव के प्रसंग में तारा की बुद्धिमत्ता का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब सुग्रीव ने बाली को युद्ध के लिए ललकारा तो तारा ने बाली को सावधान करते हुए कहा कि जो सुग्रीव आपके नाम से थर-थर कांपता था, वह आज स्वयं आपकी सीमा पर आकर चुनौती दे रहा है। इसका अर्थ है कि उसके पीछे कोई शक्तिशाली व्यक्ति खड़ा है। महाराज जी ने कहा कि राजनीति और जीवन दोनों में परिस्थितियों के संकेतों को समझना जरूरी है। हर चुनौती के पीछे छिपे कारणों को पहचानना ही दूरदर्शिता है।
उन्होंने महिलाओं के प्रति प्रचलित सामान्य धारणाओं पर भी विचार रखते हुए कहा कि हर महिला को परिवार में विवाद का कारण मानना उचित नहीं है। अनेक महिलाएं अपने त्याग, समझदारी, सौम्यता और सात्विकता से परिवार को जोड़कर रखती हैं। तारा का चरित्र इसका श्रेष्ठ उदाहरण है। अच्छाई और बुराई हर जगह होती है, इसलिए किसी के बारे में एक सामान्य धारणा बनाकर निर्णय नहीं करना चाहिए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे
इस अवसर पर गोरधनदास खुवाल, डॉ. सीबी दास गुप्ता, भगवानदास खुवाल, गोविन्द दास खुवाल, डॉ. एकात्म गुप्ता, क्षितिज खुवाल, गोपाल जैन एडवोकेट, वैश्य समाज के जिला महामंत्री भुवनेश गुप्ता, राधारमण राठी, ओम खुवाल, नितिन अग्रवाल, जगदीश खुवाल, भगवान दास गुप्ता, पंकज मंत्री, रामावतार सारडा, रवीन्द्र कुमार चित्तौड़ा, जगदीश गौतम, शेंकी खुवाल, ऋषि कुशवाहा, विपिन गौतम, मनीष झंवर, वंदित न्याति, किशन नुवाल, ऋषिकेश बागला, दीपक मंत्री एवं पीयूष माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कल सुबह 10.30 बजे से होगी कथा
कथा के संयोजक गोरधनदास खुवाल ने बताया कि रविवार को कथा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।

