अनन्या बिड़ला की कंपनी ला रही ₹3000 करोड़ का IPO, सेबी से मिली मंजूरी

0
2

मुंबई। आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिरला की कंपनी आईपीओ लेकर आ रही है। अनन्या बिड़ला की अगुवाई वाली स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) को 3000 करोड़ के आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल गई है।

इसके साथ ही कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने का रास्ता साफ हो गया है। स्वतंत्र माइक्रोफिन देश की दूसरी सबसे बड़ी माइक्रोफाइनेंस कंपनी है। इसके अलावा नोबल हाइजीन (Nobel Hygiene) समेत 7 अन्य कंपनियों को भी सेबी से आईपीओ लाने के लिए मंजूरी मिली है।

स्वतंत्र माइक्रोफिन के ड्राफ्ट दस्तावेजों के मुताबिक कंपनी का आईपीओ कुल 3000 करोड़ रुपये का होगा। इसमें 1500 करोड़ के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिए 1500 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे।

कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई, दोनों पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है। आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपनी टियर-1 पूंजी बढ़ाने में करेगी। इससे कंपनी को कारोबार के विस्तार और भविष्य में कर्ज देने के लिए जरूरी पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी।

क्या करती है स्वतंत्र माइक्रोफिन?
अनन्या बिड़ला इस कंपनी की चेयरपर्सन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। स्वतंत्र माइक्रोफिन को साल 2011 में भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुरू किए गए NBFC-MFI लाइसेंस को हासिल करने वाली पहली कंपनी होने का गौरव मिला था। कंपनी मुख्य रूप से छोटे कर्ज यानी माइक्रोफाइनेंस लोन देती है। इसके अलावा इसकी सब्सिडियरी स्वतंत्र माइक्रो हाउसिंग फाइनेंस कॉरपोरेशन के जरिए किफायती घरों के लिए लोन और प्रॉपर्टी के बदले कर्ज भी दिया जाता है।

दो साल में तेजी से बढ़ा कारोबार

  • स्वतंत्र माइक्रोफिन का माइक्रोफाइनेंस एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) मार्च 2024 में 14,437.87 करोड़ रुपये था।
  • मार्च 2026 तक यह बढ़कर 21,093.22 करोड़ रुपये हो गया। यानी FY24 से FY26 के बीच कंपनी ने 20.87% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ोतरी दर्ज की।
  • इस दौरान देश की NBFC-MFI कंपनियों के कुल AUM में स्वतंत्र माइक्रोफिन की हिस्सेदारी 3.26% से बढ़कर 6.37% हो गई।
  • मार्च 2026 तक माइक्रोफाइनेंस कारोबार के मामले में यह बिहार और उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी NBFC-MFI कंपनी थी।
  • मार्च 2026 में चैतन्य इंडिया फिन क्रेडिट का स्वतंत्र माइक्रोफिन में विलय भी हुआ। इससे दक्षिण भारत में कंपनी की मौजूदगी मजबूत हुई।

20 राज्यों में फैला कारोबार
31 मार्च 2026 तक स्वतंत्र माइक्रोफिन की देश के 20 राज्यों और 394 जिलों में 2,123 शाखाएं थीं। कंपनी में कुल 24,594 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें 15,575 फील्ड ऑफिसर शामिल थे। कंपनी के पास 42.7 लाख सक्रिय माइक्रोफाइनेंस ग्राहक थे। कंपनी के कारोबार में किसी एक जिले की हिस्सेदारी 2.74% से ज्यादा नहीं थी। वहीं, किसी एक राज्य में इसकी हिस्सेदारी 23.02% तक सीमित थी।