सिद्धचक्र महामंडल विधान: भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच हुई भक्तामर आराधना

0
3

आत्मिक ऊर्जा के लिए ध्यान और आत्मचिंतन जरूरी: स्वस्ति भूषण माताजी

कोटा। विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ।

प्रथम दिवस पर अभिषेक, शांतिधारा, मंडप उद्घाटन एवं कलश स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भक्तिभाव के साथ संपन्न हुए। विधान मंडप में देव-शास्त्र-गुरु की आराधना के साथ सिद्धों की भक्ति करते हुए श्रद्धालुओं ने अर्घ्य समर्पित किए। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रावक-श्राविकाएं भक्ति नृत्य करते हुए धर्म आराधना में लीन नजर आए।

मंदिर समिति अध्यक्ष राजमल पाटोदी ने बताया कि प्रथम दिवस की अभिषेक एवं शांतिधारा की क्रिया नरेंद्र पाटनी, कोलकाता द्वारा संपन्न की गई। सिद्धचक्र महामंडल विधान के भव्य मंडप का उद्घाटन मनीष गोयल ने किया, जबकि मंडल पर मुख्य कलश की स्थापना आशीष जायसवाल ने की।

मंडप के चारों कोनों पर नरेंद्र पाटनी, राजकुमार जैन, अशोक कटारिया एवं दीपक नांता ने कलश स्थापित किए। रिचा गोयल ने दीप प्रज्वलन किया। विजय चंद्रा पाटोदी ने गुरु मां का पाद प्रक्षालन किया। सुशील जैन मुरैना, दिनेश सुरलाया एवं नेमीचंद सिंघल ने शास्त्र भेंट किए।

संस्था के मंत्री पीके हरसोरा ने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के मंगल सानिध्य एवं आशीर्वाद से मुरैना में संचालित गोपालदास बरैया गुरुकुल के पदाधिकारियों ने सुशील जैन के नेतृत्व में गुरु मां को श्रीफल अर्पित किया। उन्होंने गुरुकुल के उत्तरोत्तर विकास एवं उन्नति के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में शुद्ध वस्तुओं का सेवन करना चाहता है, क्योंकि शुद्धता से शक्ति और सामर्थ्य बढ़ती है। इसी प्रकार आत्मा में क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी कषायों के विकार मिलने से उसकी स्वाभाविक शुद्धता प्रभावित होती है। इन विकारों को दूर करने के लिए मनुष्य को अपनी शुद्ध आत्मा का चिंतन करना चाहिए। आत्मा के वास्तविक स्वरूप का चिंतन ही उसे निर्मल बनाने का मार्ग है।

माताजी ने कहा कि जिस प्रकार शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए भोजन और विश्राम आवश्यक हैं, उसी प्रकार आत्मिक ऊर्जा के लिए ध्यान और आत्मचिंतन जरूरी है। व्यक्ति को 24 घंटे में कम से कम एक घंटा शुद्ध आत्मा का चिंतन अवश्य करना चाहिए। इससे जीवन की बैटरी निरंतर चार्ज होती रहेगी।

आत्मा के वास्तविक स्वरूप पर केंद्रित होना ही ध्यान है और इसी के माध्यम से आत्मिक शुद्धता प्राप्त की जा सकती है। विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप शास्त्री एवं कपिल शास्त्री के निर्देशन में संपन्न कराई गईं।

सायंकालीन सत्र में दिनेश सुरलाया परिवार की ओर से भव्य महाआरती की गई। इसके बाद रितेश सेठी परिवार ने 48 दीपकों के साथ भक्तामर आराधना की। दीपों की जगमगाहट और भक्तामर स्तोत्र के सामूहिक पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।