कल्पद्रुम विधान: 200 इंद्र-इंद्राणियों ने श्रद्धा के साथ की जिनेंद्र देव की आराधना

0
3

कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर के चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में सात दिवसीय कल्पद्रुम महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया गया। मंगलवार को गणधर मुनि विश्रुत सागर महाराज एवं प्रवर्तक विश्वनायक सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में विधान की विशेष महाअर्चना संपन्न हुई। इस दौरान 200 इंद्र-इंद्राणियों ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर जिनेंद्र देव की आराधना की।

अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि प्रातःकाल जिनेंद्र भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद नित्यनियम पूजा और मानस्तंभ पूजा संपन्न हुई।

विधान के दौरान मान कषाय को गलाने वाली तीर्थंकर भगवान की चारों दिशाओं से संबंधित 96 अर्घ्य समर्पित किए गए। साथ ही चैत्यप्रासाद भूमि, स्वातिका भूमि, लता भूमि एवं उपवन भूमि से संबंधित सभी जिनबिंबों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। संपूर्ण जिनालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि इस अवसर पर गणधर मुनि विश्रुत सागरजी महाराज ने अपनी दिव्य देशना में आत्मकल्याण और सम्यक दर्शन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

उन्होंने धर्म आराधना के माध्यम से आत्मिक शुद्धि और जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का संदेश दिया। सभी इंद्र-इंद्राणियों ने बड़ी भक्ति और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर पुण्यअर्जन किया।

विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य पं. भागचंद शास्त्री, धरियावद के मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुईं। संगीतकार मनीषजी ने भक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।