ऊर्जा मंत्री नागर ने विकास कार्यों में कोताही पर अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

0
3

कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को सर्किट हाउस में पंचायती राज, समसा, सार्वजनिक निर्माण विभाग और पीएचईडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों, सड़कों के निर्माण, स्वच्छता अभियानों और पेयजल योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

मंत्री नागर ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली या अनावश्यक फाइलें अटकाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम में कोताही बरतने वाले लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चार्जशीट जारी की जाएगी।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठकों में आएं और जिस योजना के लिए उनकी ड्यूटी लगी है, उसकी पूरी जानकारी रखें। प्रस्ताव भेजने से पहले मैन्युअल रूप से उनकी जांच सुनिश्चित की जाए। केवल फाइलें घुमाने और मामूली आपत्तियां लगाकर चिट्ठियां भेजने की परिपाटी को तुरंत बंद किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी इंजीनियर के प्रस्ताव पर कोई बाबू आपत्ति लगाता है, तो यह सीधे तौर पर उस इंजीनियर की योग्यता पर सवालिया निशान खड़ा करता है। उन्होंने चेताया कि यदि प्रस्ताव भेजने या उसे पूर्ण करने में देरी हुई, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को चार्जशीट दी जाएगी।

बैठक के दौरान सांगोद विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की विशेष समीक्षा की गई। सांगोद में बपावर रोड पर निर्माण कार्य में हो रही देरी और गति की सुस्ती पर ऊर्जा मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस सड़क का निर्माण कार्य हर हाल में 31 दिसंबर से पहले पूरी तरह से पूर्ण हो जाना चाहिए।

सांगोद-श्यामपुर रोड, कुंदनपुर रोड, भौरा-सुल्तानपुर रोड और भांडाहेडा-सुहाना सड़क सहित अन्य सभी पेंडिंग कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि कोई ठेकेदार समय पर काम शुरू नहीं करता है, तो उसे तुरंत टर्मिनेट कर ब्लैक लिस्ट किया जाए और नए सिरे से टेंडर जारी किए जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सड़कों के दोनों ओर उगे हुए जंगली पौधे और गाजर घास का उचित ट्रीटमेंट किया जाए।

ग्रामीण विकास को गति देते हुए मंत्री नागर ने कहा कि खेतों के रास्ते के निर्माण से जुड़े सभी प्रस्तावों की स्वीकृतियां फरवरी माह तक जारी हो जाएं और मार्च तक धरातल पर कार्य प्रारंभ कर दिए जाएं। जरूरत पड़ने पर विधायक कोटे से भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा, स्कूलों के रिपेयरिंग कार्यों, मुक्तिधाम के विकास कार्यों और वहां तक पहुंच मार्ग की सड़कों को लेकर भी चर्चा की गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए केवल उच्च क्वालिटी के इलेक्ट्रिक टिपर खरीदने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल टंकियों के निर्माण के लिए विभिन्न पंचायतों में जल्द से जल्द जमीन चिन्हित करने को कहा गया ताकि आमजन को समय पर शुद्ध पेयजल मिल सके।

मंत्री नागर ने स्पष्ट किया कि सड़कों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जहां भी गारंटी पीरियड में सड़क उखड़ी है, वहां केवल पैच वर्क करने के बजाय उन्हें पूरी तरह उखाड़कर दोबारा बनाया जाए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी एसई अशोक सनाढ्य, एक्सईएन सांगोद दिनेश धाकड़, सुल्तानपुर एक्सईएन गोविंद मिश्रा, बीडीओ सांगोद भानुप्रताप मौर्य, बीडीओ सुल्तानपुर बंशीलाल मीणा, जिला परिषद एडिशनल चीफ लोकेश गुप्ता, एक्सईएन हरिमोहन बैरवा, हितेंद्र मेहरा, पीएचईडी एडिशनल चीफ प्रोजेक्ट अरविंद खींची, एक्सईएन हरिओम सैनी और समसा प्रोजेक्ट से एईएन कृष्णमोहन पांडे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।