स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त वाले बाजार को सजावट प्रतियोगिता में वरीयता मिलेगी

0
5

विज्ञान नगर व्यापार संघ का दीपावली मिलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

कोटा। विज्ञान नगर व्यापार संघ द्वारा दीपावली मिलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे। समारोह की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने की।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि नए कोटा क्षेत्र में विज्ञान नगर व्यापार संघ द्वारा दीपावली के पावन पर्व पर शानदार सजावट के साथ-साथ स्वच्छता, अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बाजार रखने का सराहनीय प्रयास किया गया। क्षेत्र के सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर पूरे बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया तथा बेहतरीन लाइटिंग की, जिसकी चर्चा पूरे शहर में रही।

उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा आयोजित स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता में महासंघ से जुड़े 170 व्यापारिक संगठनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर सजावट एवं व्यवस्थाओं के साथ भाग लिया। ऐसे में विज्ञान नगर व्यापार संघ को द्वितीय पुरस्कार मिलना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को केवल दीपावली तक सीमित न रखकर पूरे वर्ष स्थायी रूप से बनाए रखना होगा। जो बाजार वर्षभर स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित रहेंगे, उन्हें आगामी वर्षों में आयोजित होने वाली सजावट प्रतियोगिता में विशेष वरीयता प्रदान की जाएगी।

विज्ञान नगर व्यापार संघ के अध्यक्ष रमेश जेठमलानी ने कहा कि सभी व्यापारियों के सामूहिक प्रयास एवं सहयोग से विज्ञान नगर व्यापार संघ ने पूरे शहर में आयोजित इस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह क्षेत्र के सभी व्यापारियों की एकजुटता एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि व्यापार संघ एकजुट होकर विज्ञान नगर क्षेत्र को स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा, जिससे यातायात सुगम हो तथा ग्राहकों, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप देकर विज्ञान नगर को एक मजबूत व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

समारोह में विज्ञान नगर व्यापार संघ के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से विज्ञान नगर की सजावट का प्रचार-प्रसार करने वाले इन्फ्लुएंसर्स, बेहतरीन सजावट करने वाले व्यापारियों तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने वाली टीम को चांदी के सिक्के, नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विज्ञान नगर व्यापार संघ को सजावट प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त होने पर समारोह में उपस्थित सभी व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रेमानी, महामंत्री कृष्णानंद सोनी, सहमंत्री अमित राजोरिया, कोषाध्यक्ष एडवोकेट पवन जैन, सहकोषाध्यक्ष रमीज रजा, सांस्कृतिक मंत्री मोनू कुमार जैन, आय-व्यय निरीक्षक प्रमोद गुप्ता, संगठन मंत्री भरत चावला, अंकित मधु सहित संघ के सभी सदस्य एवं विज्ञान नगर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।