नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक बहुत ही अजीब स्थिति पैदा हो गई। एक वकील ने भारत के चीफ जस्टिस से कह दिया कि आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं। सीजेआई सूर्यकांत ने शालीनता से कहा कि वो उनके मामले को देखेंगे, लेकिन वकील इसके लिए तैयार नहीं हुआ। जस्टिस वी मोहना ने वकील को टोका भी कि वो इस तरह से मेंशन नहीं कर सकते। वकील के रवैए को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अदालत की कार्यवाही के ऑडियो-वीडियो को म्यूट कर दिया।
लाइवलॉ की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सीजेआई सूर्यकांत की बेंच में बहुत ही हैरान कर देने वाली स्थिति पैदा हो गई। स्थिति को अप्रिय होते देख अदालत की कार्यवाही को म्यूट कर देना पड़ा। दरअसल, सीजेआई सूर्यकांत की बेंच के सामने पेश होकर एक वकील ने कहा कि वह एक ‘अर्जेंट मामला’ मेंशन करना चाहते हैं और अदालत में अपने केस को मेंशन करने के तरीके पर ‘खेद’ भी जताया।
‘मैं इस कोर्ट के सामने आने को मजबूर’
वकील ने सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई की अगुवाई वाली बेंच से कहा, ‘यह आइटम 2 नवंबर को मिस्टर जस्टिस (सूर्यकांत) के ऑफिस में दिया गया था। 15 दिनों बाद इन्होंने मुझे जवाब नहीं दिया है। इसलिए मैं इस कोर्ट के सामने आने को मजबूर हुआ हूं।’
‘यह इमरजेंसी है, इसलिए मैं आया हूं’
इसपर जस्टिस वी मोहना ने वकील को टोकते हुए कहा, ‘आप कोई चीज इस तरह से मेंशन नहीं कर सकते।’ लेकिन, वकील ने कहा, ‘नहीं, यह इमरजेंसी है, इसलिए मैं आया हूं। मैं पहले अपना खेद प्रकट करना चाहता हूं। प्लीज आप पेपर देख लीजिए।’
सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई सूर्यकांत पर उठाई उंगली
लेकिन, वकील नहीं माना और सीजेआई सूर्यकांत पर ही उंगली उठानी शुरू कर दी। उन्होंने उनकी ईमानदारी पर भी सवाल उठाया और कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं।

