कोटा। त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09823/09824 सोगरिया–दानापुर –सोगरिया साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 4-4 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इससे उत्तर प्रदेश एवं बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल का संचालन पहले 14 नवंबर तक तथा वापसी में गाड़ी संख्या 09824 दानापुर–सोगरिया पूजा स्पेशल का संचालन 16 नवंबर 2026 तक निर्धारित था। अब इनकी संचालन अवधि क्रमशः 12 एवं 14 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है।
सोगरिया से प्रत्येक शनिवार को प्रस्थान
गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल विस्तारित अवधि में 21 एवं 28 नवंबर तथा 05 एवं 12 दिसंबर को प्रत्येक शनिवार रात 23:10 बजे सोगरिया से रवाना होगी। कोटा मंडल में यह ट्रेन बारां 23:53 बजे, सालपुरा अगले दिन 00:28 बजे तथा छबड़ा गुगोर 00:48 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रविवार रात 23:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
दानापुर से प्रत्येक सोमवार को वापसी
गाड़ी संख्या 09824 दानापुर–सोगरिया पूजा स्पेशल विस्तारित अवधि में 23 एवं 30 नवंबर तथा 7 एवं 14 दिसंबर को प्रत्येक सोमवार 00:15 बजे दानापुर से रवाना होगी। मंगलवार को छबड़ा गुगोर 01:03 बजे, सालपुरा 01:18 बजे और बारां 01:53 बजे होते हुए सुबह 03:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा एवं दानापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
रेल प्रशासन द्वारा बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर के लिए एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 15 नवंबरको एक ट्रिप संचालित होगी। गाड़ी संख्या 09113 बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर स्पेशल बांद्रा टर्मिनस से 04:30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 19:50 बजे कोटा, 22:25 बजे सवाई माधोपुर तथा अगले दिन 02:23 बजे बयाना होते हुए 19:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
भागलपुर से जयपुर के लिए चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन
रेल प्रशासन द्वारा भागलपुर से जयपुर के बीच गाड़ी संख्या 09722 वन-वे स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन 18 नवंबर को भागलपुर से रवाना होकर कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन पर ठहरते हुए जयपुर पहुंचेगी। भागलपुर–जयपुर वन-वे स्पेशल 18 नवंबर को भागलपुर से रात 21:30 बजे प्रस्थान कर 19 नवंबर को रात 23:00 बजे भरतपुर पहुंचेगी तथा 23:02 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 20 नवंबर को प्रातः 03:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

