हाड़ौती को पर्यटन मानचित्र पर लाने में होटल फेडरेशन के प्रयास सकारात्मक: बिरला

0
25
होटल फेडरेशन और व्यापार महसंघ का दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की ओर से दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार की रात को माहेश्वरी रिसोर्ट, बूंदी रोड पर किया गया। समारोह में हाड़ौती के चारों जिलों के होटल एवं रिसोर्ट व्यवसायियों, कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के प्रतिनिधियों, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने भागीदारी निभाई।

समारोह में दीपावली के अवसर पर आयोजित स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हाड़ौती की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

हाड़ौती ट्रेवल मार्ट के साथ-साथ देश-विदेश में आयोजित ट्रेवल मार्ट एवं रोड शो के माध्यम से यहां के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सोशल मीडिया एवं डिजिटल रील्स के माध्यम से भी हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोटा महोत्सव एवं पर्यटन महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन सभी प्रयासों में कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। महासंघ के सहयोग से राजस्थान टेंट डीलर्स एसोसिएशन का टेंट एक्सपो भी कोटा में आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। हाड़ौती में पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। गत छह माह में लगभग 24 लाख देशी पर्यटकों एवं 1,781 विदेशी पर्यटकों ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया है। आगामी समय में पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की पूरी संभावना है। इसके लिए होटल फेडरेशन निरंतर प्रयासरत है।

माहेश्वरी ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा दीपावली से पूर्व ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ चलाई गई मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों की दीपावली की तुलना में इस वर्ष सभी ट्रेड के कारोबार में लगभग 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो व्यापार जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को बचाने के लिए अभी और संघर्ष करना होगा तथा महासंघ इस दिशा में अपने प्रयास जारी रखेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन की टीम द्वारा कोटा एवं हाड़ौती में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। आने वाले समय में इसमें और तेजी से वृद्धि होगी।

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने समारोह को व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन जगत का समावेशी महासम्मेलन बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हाड़ौती में आईटी उद्योग एवं पर्यटन का तेजी से विकास होगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी ।

नगर निगम कोटा के उपमहापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि पर्यटन नगरी के रूप में विकसित हो रहे कोटा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए आमजन, व्यापारियों एवं स्थानीय संस्थाओं को जनसहभागिता निभानी होगी। सभी के सामूहिक प्रयासों से कोटा को देश के प्रमुख स्वच्छ, सुंदर एवं हरियाली युक्त शहरों में शामिल किया जा सकता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरएसी पवन जैन ने कहा कि आरएसी क्षेत्र में चट्टानों को तोड़कर लगभग पांच लाख वृक्ष लगाए गए हैं। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी हमारी ग्रीन आर्मी द्वारा पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा में काफी उपजाऊ भूमि और पानी की पर्याप्त उपलब्धता है। यदि योजनाबद्ध तरीके से वृक्षारोपण किया जाए तो पूरे शहर को हरियाली से आच्छादित किया जा सकता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन ने होटल व्यवसायियों से कहा कि उनके होटल में कोई भी विदेशी पर्यटक अथवा नागरिक ठहरने आता है तो उसके संबंध में सी-फॉर्म एवं निर्धारित नियमावली की सभी औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूरी की जाएं उसके बाद उसे रूम अलॉट किया जाए। इससे होटल व्यवसायियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी अड़चन से बचने में सहायता मिलेगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया एवं कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि समारोह में अतिथियों द्वारा दीपावली पर आयोजित स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

दीपवाली पर सजावट के लिए इनका हुआ सम्मान
बाजार सजावट श्रेणी में न्यू सर्राफा मार्केट प्रथम, विज्ञान नगर व्यापार संघ द्वितीय, श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति को तृतीय, व्यक्तिगत प्रतिष्ठान श्रेणी प्रथम जौहरी एंड जेम्स ज्वैलर्स, द्वितीय आहलूवालिया मॉल और तृतीय काका कॉम्प्लेक्स, होटल एवं रिसोर्ट श्रेणी में प्रथम पारस होटल, द्वितीय होटल ओट्स एवं तृतीय होटल अनंता एलाइट को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।बाजार सजावट श्रेणी में न्यू सर्राफा मार्केट प्रथम, विज्ञान नगर व्यापार संघ द्वितीय, श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति को तृतीय, व्यक्तिगत प्रतिष्ठान श्रेणी प्रथम जौहरी एंड जेम्स ज्वैलर्स द्वितीय आहलूवालिया मॉल और तृतीय काका कॉम्प्लेक्स, होटल एवं रिसोर्ट श्रेणी में प्रथम पारस होटल, द्वितीय होटल ओट्स एवं तृतीय होटल अनंता एलाइट को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इसी के साथ कोटा शहर के विकास एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा एवं उनकी टीम को सम्मानित किया गया। कोटा में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से संबंधित लॉरेंस गैंग के अपराधियों को मात्र 15 मिनट की तैयारी में पकड़ने तथा महंत देवानंद हत्याकांड का खुलासा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।

पुराने कोटा शहर के बाजारों को क्षेत्रीय व्यापार संगठनों के सहयोग से व्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त, पार्किंग युक्त एवं हरियाली युक्त बनाने के प्रयासों के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केडीए तरुण सोमानी एवं डीएसपी राजेश टेलर को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शहर में पांच लाख से अधिक वृक्ष लगाने एवं ग्रीन आर्मी क्षेत्र विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरएसी पवन जैन को सम्मानित किया गया।

मुकुंदरा जंगल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक टी. मोहन राज एवं डीएफओ मुथु एस. को सम्मानित किया गया। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘एजेंटिक मुकुंदरा’ के लिए कपिल सिद्धार्थ, कौशल बंसल एवं आलोकिक जैन को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए गोविंद नारायण अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया ।

इनका भी किया सम्मान
कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र एवं अनिमेष जैन ने बताया कि समारोह में कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, मंत्री विट्ठलदास मुंदड़ा, नगर निगम कोटा के उपमहापौर विवेक राजवंशी, एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक राजेश माहेश्वरी, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी, विनोद कुमार मल्होत्रा, राजस्व अधिकारी कृष्णा शुक्ला, आरएएस अमित सिंघल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागवत सिंह हिंगड़, दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंदराम मित्तल, भारतीय जनता पार्टी के नेता पंकज मेहता, कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष राखी गौतम एवं नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास सहित अनेक गणमान्य अतिथियों का साफा, दुपट्टा एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।