वस्तु और सेवा क्षेत्र के संयुक्त निर्यात में वृद्धि से भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार

0
17

नई दिल्‍ली। भारतीय अर्थव्यवस्था के मोर्चे से अक्टूबर के लिए उत्साहजनक आंकड़े सामने आए हैं। एक ओर जहां वस्तु और सेवा क्षेत्र के संयुक्त निर्यात में 29.9 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वहीं, मर्चेंडाइज एक्‍सपोर्ट 45.06 फीसदी बढ़कर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसके साथ ही, अक्टूबर में सोने का आयात 62.57 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 5.51 अरब डॉलर रह गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे आने के कारण ऐसा हुआ। एक्‍सपोर्ट की इस रफ्तार को और धार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा, अमेरिका और ब्रसेल्स (बेल्जियम) की यात्रा करेंगे। वहां कनाडा के साथ व्यापार समझौते की औपचारिक घोषणा होने और यूरोपीय संघ (EU) के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

भारत ने बदली पुरानी स्क्रिप्‍ट
अक्टूबर के व्यापार आंकड़ों ने भारत के बाहरी मोर्चे की पुरानी तस्वीर को पूरी तरह बदला है। आमतौर पर फेस्टिव सीजन में सोने का भारी आयात भारत के व्यापार घाटे को बढ़ाने का काम करता था। लेकिन, इस बार गोल्‍ड इंपोर्ट में 62.57 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी ओर मर्चेंडाइज एक्‍सपोर्ट ने 45 फीसदी से ज्‍यादा की छलांग लगाई है। इसने अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर को छू लिया है। कम होते गोल्‍ड इंपोर्ट और रिकॉर्ड एक्‍सपोर्ट की इस दोहरी जुगलबंदी ने न सिर्फ कुल व्यापार घाटे को काबू में रखा है। इसके बजाय ग्‍लोबल अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत पकड़ का भी साफ संकेत दिया है।

आयात-निर्यात का पूरा लेखा-जोखा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में भारत का कुल एक्‍सपोर्ट (वस्तु और सेवा) सालाना आधार पर 29.9 फीसदी बढ़ा है। यह बढ़कर 89.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले वर्ष इसी महीने में यह 69.27 अरब डॉलर था। इस दौरान कुल इंपोर्ट भी 94.42 अरब डॉलर से बढ़कर 110.07 अरब डॉलर हो गया। निर्यात में तेज बढ़ोतरी के चलते देश का कुल व्यापार घाटा पिछले साल के 25.15 अरब डॉलर से घटकर 20.09 अरब डॉलर रह गया। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के अनुसार, मर्चेंडाइज एक्‍सपोर्ट 45.06 फीसदी की छलांग लगाकर 49.47 अरब डॉलर के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। वहीं, सेवा निर्यात 40.51 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। हालांकि, वस्तु आयात बढ़कर 89.35 अरब डॉलर होने से वस्तु व्यापार घाटा एक साल के सबसे ऊंचे स्तर 39.88 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसे सर्विस सेक्‍टर के सरप्‍लस और ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी (करीब 92 डॉलर प्रति बैरल) से कुछ राहत मिली।

सोने के आयात में भारी गिरावट
दूसरी तरफ अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई गिरावट का सीधा असर देश के गोल्‍ड इंपोर्ट पर दिखा है। अक्टूबर 2026 में यह 62.57 फीसदी घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया। वहीं, अक्टूबर 2025 में यह 14.72 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान भी कुल गोल्‍ड इंपोर्ट 39.9 फीसदी घटा। यह घटकर 24.78 अरब डॉलर रहा। वैसे इसी अवधि में भारत का रत्‍न और आभूषण निर्यात बढ़ा। यह बढ़कर 18.50 अरब डॉलर हो गया। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के मुताबिक, जनवरी 2026 के 5,405 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से करीब 25 फीसदी टूटकर सोना अक्टूबर के अंत में 3,913 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। काउंसिल ने संकेत दिया है कि डॉलर की मजबूती और तकनीकी स्तरों के चलते सोने में बिकवाली का दौर थमने के करीब है। वैसे सट्टेबाजी की पोजीशन अभी भी ऊंची बनी हुई है।