मुंबई। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार दो महीने बाद छह नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में करीब ढ़ाई अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इसी सप्ताह देश के फॉरेन करेंसी एसेट या FCA और सोना भंडार , दोनों में बढ़ोतरी हुई। इससे पहले तो लगातार आठ सप्ताह तक इसमें कमी ही हो रही थी।
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 6 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $2.490 billion की बढ़ोतरी हुई। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $2.691 billion की कमी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $719.547 billion का हो गया है।
FCA भंडार में बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 6 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $232 million की बढ़ोतरी हुई। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $2.088 billion की कमी हुई थी। ताजा बढ़ोतरी के बाद अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $591.350 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व में भी बढ़ोतरी
आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $2.205 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $559 million की कमी हुई थी। अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू बढ़ कर $104.796 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।
एसडीआर भी बढ़ा
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में $52 million की बढ़ोतरी हुई। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $47 million की कमी हुई थी। इसी के साथ अब अपना एसडीआर भंडार बढ़ कर $18.610 Billion का हो गया है। इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में मामूली $1 million की बढ़ोतरी हुई है। एक सप्ताह पहले भी इसमें $3 million की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना आईएमएफ रिजर्व बढ़ कर $4.791 billion का हो गया है।

