श्री सर्राफा बोर्ड, जौहरी ज्वैलर्स, पारस होटल सजावट एवं स्वच्छता में प्रथम रहे

0
28

सभी विजेताओं को दीपावली स्नेह मिलन समारोह मे सम्मानित किया जाएगा

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा कोटा व्यापार महासंघ की सहभागिता से दीपावली पर्व पर आयोजित सजावट एवं स्वच्छता प्रतियोगिता में शहर भर में शानदार सजावट देखने को मिली।प्रतियोगिता के अंतर्गत बाजारों, व्यक्तिगत प्रतिष्ठानों एवं होटल-रिसोर्ट श्रेणी में उत्कृष्ट सजावट करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि प्रतियोगिता के आह्वान पर शहर की सभी व्यापारिक संस्थाओं, व्यक्तिगत प्रतिष्ठानों एवं होटल-रिसोर्ट संचालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने भव्य सजावट के साथ स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा, जिससे पूरा कोटा शहर रोशनी एवं आकर्षक सजावट से जगमगा उठा।

उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन एवं कोटा व्यापार महासंघ की चयनित टीम ने पूरे शहर का दौरा कर प्रतियोगिता का निरीक्षण किया। निर्णायक मंडल द्वारा बाजारों की सजावट श्रेणी में श्री सर्राफा बोर्ड, न्यू सर्राफा मार्केट को प्रथम, विज्ञान नगर व्यापार संघ को द्वितीय एवं श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।

इसी प्रकार व्यक्तिगत प्रतिष्ठानों की श्रेणी में जौहरी एंड जेम्स ज्वैलर्स को प्रथम, आहलूवालिया मॉल को द्वितीय एवं काका कॉम्प्लेक्स को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। होटल एवं रिसोर्ट श्रेणी में पारस होटल को प्रथम, होटल ओट्स को द्वितीय एवं होटल अनंता एलाइट कोटा को तृतीय स्थान मिला।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ से जुड़ी सभी व्यापारिक संस्थाओं ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। महासंघ की 170 संस्थाओं द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन सजावट की गई, जिससे पूरा शहर दीपावली के अवसर पर रोशनी से जगमगा उठा।

क्रांति जैन एवं अशोक माहेश्वरी ने सभी विजेता संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों को बधाई देते हुए कोटा शहर को सुंदर सजावट एवं स्वच्छता प्रदान करने के लिए सभी व्यापारिक संस्थाओं, प्रतिष्ठान संचालकों एवं होटल व्यवसायियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि सभी विजेताओं को 13 नवंबर शुक्रवार को माहेश्वरी रिसोर्ट में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कोटा शहर के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सेवाएं प्रदान करने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा।