पीएम मोदी के नेतृत्व में दूर हो रही है गरीबी, आर्थिक मोर्चे पर भी देश मजबूत: सिसोदिया

0
22

कोटा। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के कोटा संभाग मीडिया संयोजक अरविन्द सिसोदिया नें कांग्रेस और राहुल गाँधी द्वारा बार-बार भारत की आर्थिक स्थिति को डेड इकोनिमी कह कर देश का मजाक उड़ाने की हरकतों का करारा जबाब दिया है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट, दीपावली पर शानदार खरीद फरोख्त और शेयर मार्केट के उठाव के आंकड़ों को सम्मिलित करके भारत की मज़बूत अर्थव्यवस्था की ओर ध्यान है।

सिसोदिया ने कहा कि ” गत दो वर्षों से पूरा विश्व भयंकरतम विषम परिस्थितियों से जूझ रहा था, पूरे विश्व में आर्थिक अस्थिरता, ऊर्जा संकट और युद्धजनित आपूर्ति व्यवधानों के चलते भारी उथल पुथल के बीच, भारत नें प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में, बहुत ही समझदारी, जिम्मेदारी और गंभीरता से सभी चुनौतीयों का सफलतापूर्वक सामना किया, उन्हे परास्त किया और देश को सभी मोर्चो पर सुरक्षित रखा है। “

सिसोदिया नें कहा कि ” भारत की विकास यात्रा में गरीबी उन्मूलन एक ऐतिहासिक और संवेदनशील विषय रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने सत्ता की जिम्मेदारी संभालने के बाद गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया। उनका स्पष्ट संकल्प रहा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गरीब को केवल सरकारी सहायता का पात्र नहीं, बल्कि सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिले। आज देश में गरीबी घटने, उपभोक्ता मांग बढ़ने, बाजारों में रौनक आने और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के रूप में इस परिवर्तन के सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।”

सिसोदिया नें बताया कि ” विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की ‘पावर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ’ रिपोर्ट, भारत की इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण प्रमाण है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में लगभग 49.6 करोड़ लोग 4.20 डॉलर प्रतिदिन की “अंतरराष्ट्रीय निम्न-मध्यम आय गरीबी रेखा” से ऊपर आए। “अत्यधिक गरीबी ” की दर भी 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। यह दुनिया में गरीबी घटने की उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक है। रिपोर्ट ने बढ़ते उपभोग, रोजगार के विस्तार, विशेषकर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सरकारी सामाजिक सहायता को इसके प्रमुख कारकों में माना है।”

गरीबों के जीवन में आया बुनियादी परिवर्तन: सिसोदिया नें कहा कि ” प्रधानमंत्री मोदीजी की संवेदनशीलता का सबसे बड़ा प्रमाण उनकी जनकल्याणकारी योजनाएं हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने करोड़ों पात्र नागरिकों को खाद्य सुरक्षा प्रदान की है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्की छत का सपना साकार करने में मदद की। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को स्वच्छ ईंधन, सौभाग्य योजना ने घरों तक बिजली और स्वच्छ भारत मिशन ने शौचालय की सुविधा पहुंचाई। जल जीवन मिशन ने ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा अभियान चलाया।”

उन्होंने बताया कि ” प्रधानमंत्री जनधन योजना, आधार और मोबाइल आधारित ( जे.ए.एम. ) व्यवस्था ने सरकारी सहायता को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया। डीबीटी ने बिचौलियों की भूमिका घटाकर सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाई। आयुष्मान भारत ने गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा दी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की। मुद्रा योजना, कौशल विकास और स्वयं सहायता समूहों ने स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाए। वहीं इन योजनाओं का महत्व इस बात में है कि कल्याणकारी योजनाओं नें गरीब परिवारों के खर्च का बोझ घटाया, उनकी बचत की संभावनाएं बढ़ाईं और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए।”

आर्थिक विकास दर और बढ़ती क्रयशक्ति: सिसोदिया नें बताया कि ” भारत की आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत आधिकारिक आर्थिक आंकड़ों में भी दिखाई देते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रही। इसी अवधि में निजी अंतिम उपभोग व्यय में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसका अर्थ है कि देश के परिवारों की उपभोग संबंधी आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत हुई हैं। विश्व बैंक ने भी भारत की गरीबी में गिरावट के पीछे उपभोग में वृद्धि को प्रमुख कारणों में शामिल किया है।”

दीपावली के बाजारों में दिखी आर्थिक समृद्धि की झलक: सिसोदिया नें बताया कि ” भारत की आर्थिक सक्रियता का एक जीवंत दृश्य दीपावली के अवसर पर बाजारों में दिखाई देता है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) की दीपावली 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में त्योहार के दौरान वस्तुओं और सेवाओं का कुल कारोबार लगभग 6.05 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें 5.40 लाख करोड़ रुपये का वस्तुओं का व्यापार और 65 हजार करोड़ रुपये की सेवाओं का कारोबार शामिल था।

वहीं, केपीएमजी की नवंबर 2026 की ‘फेस्टिव रिटेल पल्स’ रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2026 में सर्वेक्षण में शामिल खुदरा कारोबारियों की बिक्री पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक रही है। अर्थात यह आंकड़े बताते हैं कि भारतीय बाजार में उपभोक्ता मांग का विस्तार हो रहा है। छोटे दुकानदारों, व्यापारियों, कारीगरों, स्थानीय उत्पादकों और सेवा क्षेत्र को भी इसका लाभ मिल रहा है। स्वदेशी वस्तुओं के प्रति बढ़ता आकर्षण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला सकारात्मक संकेत है।”

शेयर बाजार में निवेशकों का बढ़ता विश्वास: सिसोदिया नें बताया कि ” भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रति निवेशकों की धारणा का एक महत्वपूर्ण संकेत शेयर बाजार भी है। नवंबर 2026 में विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से भारतीय शेयर बाजार में उल्लेखनीय तेजी के दौर देखने को मिले। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर में उस समय तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में लगभग 6.43 अरब डॉलर का निवेश किया था। सेंसेक्स और निफ्टी में भी महीने के दौरान उल्लेखनीय बढ़त दर्ज हुई है। ” उन्होंने कहा कि “शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं, फिर भी विदेशी निवेश और घरेलू निवेशकों की सक्रियता भारतीय अर्थव्यवस्था की संभावनाओं के प्रति विश्वास का संकेत देती है।”

महिला सशक्तीकरण और विकसित भारत का संकल्प: सिसोदिया नें कहा है कि ” मोदी सरकार ने महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी अभियान, मुद्रा योजना और विभिन्न वित्तीय सहायता कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवारों की आय, बचत और निर्णय क्षमता मजबूत हो रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि ” निस्संदेह, गरीबी, बेरोजगारी, आय की असमानता और क्षेत्रीय पिछड़ेपन जैसी चुनौतियां दसकों पुरानी हैँ किन्तु मोदीजी की सरकार नें इन पर प्रभावी और संवेदनशील तरीके से काम किया जिसके परिणाम दिख रहे हैँ। वहीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और स्थायी रोजगार के अवसरों का विस्तार पर लगातार काम हो रहा है। इसी से देश की आर्थिक प्रगति और गरीबी में आई ऐतिहासिक गिरावट भविष्य के लिए आश्वस्त करने वाली है।”

सिसोदिया नें कहा कि ” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन का मूल मंत्र बनाकर जिस प्रकार योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास हुआ है, उसने भारत की विकास यात्रा को नई दिशा दी है। विश्व बैंक के गरीबी संबंधी आंकड़े, आरबीआई की आर्थिक विकास दर, दीपावली के बाजारों का कारोबार और निवेशकों का विश्वास—ये सभी मिलकर बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

वहीं आज भारत सहायता आधारित कल्याण से आगे बढ़कर अवसर आधारित सशक्तीकरण की दिशा में अग्रसर है। गरीब को रोटी, आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सम्मान देने के साथ उसे आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है। यही प्रधानमंत्री मोदीजी के संवेदनशील नेतृत्व की सबसे महत्वपूर्ण पहचान और विकसित भारत के संकल्प की मजबूत आधारशिला है।