नई दिल्ली। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) की 2026 की तीसरी तिमाही की गोल्ड डिमांड ट्रेंड्स रिपोर्ट के अनुसार, सरकार द्वारा आयात शुल्क को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने के बाद सोने की तस्करी में भारी उछाल आई है। 2025 की इसी अवधि में तस्करी लगभग 3 टन थी, जो 2026 की जुलाई-सितंबर तिमाही में बढ़कर लगभग 50 टन हो गई है।
यह पिछले साल के मुकाबले 16 गुना से भी ज्यादा है। यह आंकड़ा इस तिमाही में भारत की कुल 136 टन सोने की आपूर्ति का लगभग 37 फीसदी है। आधिकारिक और अनौपचारिक (तस्करी के जरिये) आयात को मिलाकर, कुल सोने का आयात 114 टन रहा, जो कुल आपूर्ति का लगभग 84 फीसदी है। वहीं, आधिकारिक तौर पर होने वाला सोने का आयात घटकर 64 टन रह गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 70 फीसदी कम है।
भारत में लगभग 1.49 करोड़ रुपये में बिकने वाले एक किलो सोने पर करीब 19.4 लाख रुपये का आयात शुल्क लगता है। इसलिए, जो तस्कर इस शुल्क को नहीं चुकाता, वह इतनी रकम बचा लेता है और अगर वह 3 फीसदी जीएसटी भी नहीं देता तो उसकी बचत लगभग 24 लाख रुपये हो जाती है।
टाइटन इंडस्ट्रीज के सीएफओ अशोक सोंथालिया ने 5 नवंबर को विश्लेषकों के साथ एक कॉल में कहा, सीमा शुल्क बढ़ने के बाद से भारत के घरेलू बाजार में सोने की कीमतें डिस्काउंट पर चल रही हैं। इससे संकेत मिलता है कि देश में सोना लाने के कुछ ऐसे रास्ते सक्रिय हैं, जिनके जरिये सोना आ रहा है। किसी के पास भी इसका कोई सटीक अनुमान नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार सीमा शुल्क पर भी विचार करेगी और उम्मीद है कि वे इसे कम कर देंगे, ताकि ग्रे चैनल (अवैध रास्ते) का आकर्षण पूरी तरह खत्म हो जाए। शुरुआत में टाइटन को फायदा हुआ था और शुल्क बढ़ने से पहले खरीदे गए सोने की वजह से कंपनी को अतिरिक्त लाभ भी मिला था। लेकिन अब, ग्रे मार्केट में सोने की कम कीमतें सभी संगठित कंपनियों को नुकसान पहुंचा रही हैं।
डब्ल्यूजीसी की अक्टूबर गोल्ड मार्केट कमेंट्री के अनुसार, भारत में अक्टूबर के अंत में सोने की कीमत 1,39,830 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। यह इस महीने में 5.3 फीसदी गिरी है और 29 जनवरी को दर्ज किए गए 1,75,231 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर से लगभग 20 फीसदी कम है। भारत में इस साल अब तक सोने की कीमतें 5.4 फीसदी ऊपर गई हैं।
काउंसिल के अनुसार, वैश्विक स्तर पर अक्टूबर के अंत में सोने की कीमत 3,913 डॉलर प्रति औंस रही, जो इस महीने में 6.3 फीसदी घटी है और जनवरी के उच्चतम स्तर से लगभग 25 फीसदी कम है।
एक समाचार रिपोर्ट (डेक्कन हेराल्ड की खबर) के अनुसार, अक्टूबर में सबसे ज्यादा सोना जब्त किया गया (कुल 12 किलो) जिसकी कीमत 18.38 करोड़ रुपये है। सितंबर में, अधिकारियों ने 12.57 करोड़ रुपये कीमत का 8 किलो सोना जब्त किया था और सात लोगों को गिरफ्तार किया था।
वरिष्ठ बुलियन विश्लेषक संजीव अरोले ने कहा, खरीदारों के लिए सोना खरीदना मुश्किल हो गया है। भारतीय बाजार में ईटीएफ खरीदने पर कई तरह की पाबंदियां हैं। लेकिन, यह डॉलर के मूल्य वाला इकलौती परिसंपत्ति भी है। निवेशक सोना खरीदने का कोई न कोई तरीका निकाल ही लेंगे, इसलिए तस्करी का बढ़ना कोई हैरानी की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्यादा कर लगाने से अंततः तस्करी को बढ़ावा मिलता है और ऐसा पहले भी देखा जा चुका है।
डब्ल्यूजीसी और भारतीय रिजर्व बैंक के सोने की कीमतों के 13 वर्षों के आंकड़ों के बिज़नेस स्टैंडर्ड की तरफ से किएगए विश्लेषण से पता चलता है कि आयात शुल्क में हर 1 फीसदी की बढ़ोतरी होने पर हर तिमाही में औसतन 3 टन सोने की तस्करी बढ़ जाती है।
जुलाई 2024 में शुल्क में कटौती और मई 2026 में इसमें बढ़ोतरी के बीच घरेलू कीमत लगभग दोगुनी होकर 71,500 रुपये से बढ़कर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इस दौरान भी तस्करी हर तिमाही 3 से 8 टन के बीच बनी रही। इसके विपरीत, 2013-19 के दौरान जब आयात शुल्क 10 फीसदी था और सोने की कीमत 33,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से कम थी, तब तस्करी हर तिमाही औसतन लगभग 34 टन होती थी।
यही पैटर्न फिर दोहराया गया है। 2013 में शुल्क बढ़ाए जाने के बाद, जनवरी-मार्च 2014 में तस्करी अपने चरम पर पहुंच गई थी और यह 70 टन तक रही थी। जुलाई 2022 में जब शुल्क बढ़ाकर 15 फीसदी किया गया, तो तस्करी बढ़कर लगभग 54 टन हो गई। जुलाई 2024 में जब शुल्क घटाया गया, तो एक तिमाही के भीतर ही तस्करी 24 टन से घटकर 3 टन रह गई।
रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में भारत में सोना कानूनी रूप से आयात करने की लागत से भी कम कीमत पर बिका, औसतन 43 डॉलर प्रति औंस कम पर। यह अब तक का सबसे बड़ा अंतर है। डब्ल्यूजीसी का मानना है कि शुल्क बढ़ने के बाद तस्करी में बढ़ोतरी हुई है और लोग अपने पुराने गहने बेच रहे हैं।
15 फीसदी शुल्क के साथ भारतीय सोने की कीमत, अंतरराष्ट्रीय कीमत (4,262 डॉलर) से लगभग 639 डॉलर प्रति औंस अधिक होनी चाहिए थी। लेकिन यह केवल 596 डॉलर अधिक है।

