महावीर निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा का सैलाब, दीपोत्सव में भक्ति और संगीत का संगम

0
44

कोटा। तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में महावीर भगवान के निर्वाण कल्याणक महोत्सव एवं दीपोत्सव स्नेह मिलन समारोह-2026 श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण लाडू समर्पण और संगीतमय महाआरती के आयोजन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान महावीर के जयकारों और दीपों की जगमगाहट ने पर्व की आध्यात्मिक छटा को और भव्य बना दिया।

महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि समारोह का शुभारंभ प्रातः मंगलाष्टक एवं अभिषेक पाठ के साथ हुआ। मूलनायक वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर का समाज के श्रेष्ठियों द्वारा सामूहिक अभिषेक किया। धार्मिक क्रियाओं के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर की आराधना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।

अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में भगवान महावीर की सामूहिक संगीतमय पूजन आयोजित की गई। निर्वाण कल्याणक के प्रतीक निर्वाण लाडू समर्पण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जन किया।

मंदिर परिसर में निर्वाण लाडू विनोद कुमार एवं कमल कुमार पहाड़िया परिवार ने अर्पण किया, जबकि मंदिर सभागार में निर्वाण लाडू समर्पण अशोक एवं सुनीता पाटनी परिवार मिश्रोली वालों ने चढ़ाया।

संध्याकाल में श्रीजी की संगीतमय महाआरती का आयोजन हुआ। दीपावली के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं द्वारा सजाकर लाए गए दीपकों से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण ने समारोह को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

समारोह में विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसूया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद गोपाल राम मंडा, शोभा आहलूवालिया एवं सुनीता सेन, पूर्व पार्षद योगेश राणा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश मडिया सहित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्यजनों की उपस्थित रही

सकल समाज की ओर से राजमल पाटोदी, विमल जैन नांता, अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बड़ला, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, मनोज जैसवाल, ताराचंद बड़ला एवं राकेश पाटोदी सहित समाजबंधुओं की सहभागिता रही।

सुर संगम मंच पर बिखरी संगीत की स्वर लहरियां
दीपावली स्नेह मिलन समारोह के अंतर्गत ‘सुर संगम’ खुले मंच का आयोजन भी उत्साहपूर्वक किया गया। मंच संचालन कर रहे राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि समाज के प्रतिभागियों ने भजन, गायन एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भक्तिमय भजनों एवं संगीत की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को आनंदमय बना दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजबंधुओं का मन मोह लिया। खुले मंच के माध्यम से समाजजनों को अपनी सांस्कृतिक एवं संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।