लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने शहर का भ्रमण कर व्यापार महासंघ के प्रयासों की सराहना की
कोटा। दीपावली के पावन पर्व पर कोटा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा आयोजित स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता के अंतर्गत शहर के बाजारों में इस वर्ष अभूतपूर्व सजावट देखने को मिली।
पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट एवं स्वच्छता के साथ दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों प्रतिष्ठानों होटलों रिसोर्ट का दौरा कर सजावट एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
टीम में कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, उपाध्यक्ष अलौकिक जैन एवं कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।
टीम ने सबसे पहले विज्ञान नगर बाजार का दौरा किया, जहां विज्ञान नगर व्यापार संघ केअध्यक्ष रमेश जेठमलानी एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। टीम ने पूरे बाजार का निरीक्षण किया और पाया कि व्यापार संघ द्वारा पूरे बाजार को बेहद आकर्षक एवं व्यवस्थित ढंग से सजाया गया है।
रंग-बिरंगी रोशनी, स्वागत द्वार एवं अन्य सजावटी व्यवस्थाओं के साथ-साथ स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बाजार में शहनाई वादन भी किया जा रहा है। इसके पश्चात टीम ने अहलूवालिया मॉल का निरीक्षण किया।
यहां दीपावली के अवसर पर की गई आकर्षक एवं खूबसूरत सजावट ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मॉल को रोशनी एवं आकर्षक सजावटी व्यवस्थाओं से भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। इसके बाद टीम न्यू सरार्फा मार्केट पहुंची। यहां की भव्य सजावट देखकर सभी पदाधिकारी अभिभूत हो गए।
पूरे बाजार को आकर्षक फ्लावर डेकोरेशन, रंग-बिरंगी लाइटिंग एवं रेड कारपेट से बेहद खूबसूरत ढंग से सजाया गया है। बाजार की सजावट एवं स्वच्छता व्यवस्था ने दीपावली के उत्सव को और भी आकर्षक बना दिया है। इसी दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी न्यू सरार्फा मार्केट पहुंचे।
उन्होंने बाजार में की गई .भव्य सजावट एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा दीपावली के अवसर पर आयोजित स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता के सकारात्मक परिणाम पूरे शहर में दिखाई दे रहे हैं।
इस पहल से शहर के बाजारों में सजावट स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और व्यापारिक क्षेत्रों में आकर्षक सजावट से पूरे शहर का सौंदर्य निखर रहा है। उन्होंने इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य केवल बाजारों को सजाना ही नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता, सुंदरता एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
इस अभियान में शहर के सभी व्यापारिक संगठनों, प्रतिष्ठानों एवं व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई है। सभी के सामूहिक प्रयासों से कोटा शहर इस बार दीपावली पर एक नए एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है।
उन्होंने सभी व्यापारिक संगठनों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि दीपावली के दौरान भी स्वच्छता बनाए रखें और अपने बाजारों एवं आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखें। चयनित टीम द्वारा सभी विजेताओं को आगामी 13 नवंबर को होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।




