माहेश्वरी पंचायत का अन्नकूट महोत्सव 15 को, स्पीकर बिरला होंगे मुख्य अतिथि

0
98

देसी उत्पादों को अपनाएं, कारीगरों के घरों में खुशियों के दीप जलाएं: राजेश बिरला

कोटा। माहेश्वरी पंचायत की ओर से 15 नवंबर को सिटी पार्क में अन्नकूट महोत्सव एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 6.15 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में पांच हजार से अधिक माहेश्वरी समाजबंधु सामूहिक महाप्रसादी ग्रहण करेंगे। आयोजन में भक्ति, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक धार्मिक उत्सव का संगम देखने को मिलेगा।

पंचायत अध्यक्ष कृष्णगोपाल जाखेटिया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति (पश्चिमांचल) राजेश कृष्ण बिरला पांचजन्य अतिथि के रूप में तथा कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि सिटी पार्क में समाजबंधुओं के प्रवेश की व्यवस्था आईएल मंदिर की तरफ के गेट से रहेगी। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

दीपावली को स्वदेशी अपनाकर बनाएं सार्थक
अन्नकूट महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका के विमोचन अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी सार्थक होगा, जब त्योहारों की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। भारतीय वस्तुओं की खरीदारी से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ लाखों कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों के परिवारों में भी खुशहाली आती है। उन्होंने देसी मिठाइयों, मिट्टी के दीयों, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं और घरेलू उत्पादों को अपनाने की अपील की। साथ ही अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में भी स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

निमंत्रण पत्रिका का विमोचन
पंचायत अध्यक्ष कृष्णगोपाल जाखेटिया ने बताया कि राजेश कृष्ण बिरला ने समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजन की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल. जाखेटिया, मंत्री राम चरण धूत,पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा, सहमंत्री घनश्याम मूंदड़ा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा, मंत्री ओमप्रकाश गट्टानी, सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी, माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष मूंदड़ा, पंचायत कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराड़िया, उपाध्यक्ष सत्यनारायण चांडक सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

छप्पन भोग के दर्शन और भजनों से सजेगी शाम
मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि महोत्सव में ठाकुरजी की भव्य झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं को नयनाभिराम दर्शन के साथ छप्पन भोग अर्पित करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद भजन गायक गोविंद माहेश्वरी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। भजन संध्या के बीच समाजबंधु सामूहिक महाप्रसादी ग्रहण करेंगे। इस आयोजन में कोटा के साथ बूंदी, बारां, झालावाड़ और रावतभाटा से भी माहेश्वरी समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।