Isabgol Price: ईसबगोल की कीमतों में मंदे की संभावना नहीं

0
4

नई दिल्ली। ऊंझा मंडी में ईसबगोल का व्यापार शुरू हो गया है। विगत लगभग दो माह फ्री एसटी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान में प्रमुख मंडी ऊंझा में हाल ही में ईसबगोल के दाम 5/7 रुपए प्रति किलो तेजी के साथ बोले जाने लगे हैं।

जबकि आवक 2500/3000 बोरी की रही। इसके अलावा राजस्थान की मेडता एवं नागौर मंडी में आवक 400/500 बोरी की हो रही है। गुजरात की ऊंझा मंडी में ईसबगोल का भाव क्वालिटीनुसार 115/145 रुपए बोला जा रहा है जबकि राजस्थान की मंडियों में भाव 105/135 रुपए चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि विगत दो तीन वर्षों से देश में ईसबगोल की पैदावार में गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्ष 2024 के दौरान देश में ईसबगोल का उत्पादन 38/48 लाख (प्रत्येक बोरी 70/75 किलो) का रहा था जोकि वर्ष 2025 में घटकर 28/30 लाख बोरी का रह गया। वर्ष 2026 में उत्पादन 20/22 लाख बोरी तक सिमट गया।

ईसबगोल का मुख्यतः उत्पादन राजस्थान एवं गुजरात में होता है। हालांकि कुल उत्पादन का गुजरात में 25/30 प्रतिशत का उत्पादन होता है जबकि राजस्थान में 65/70 प्रतिशत की पैदावार होती है। लेकिन गुजरात में प्रोसेसिंग यूनिट अधिक होने के कारण अधिकतम निर्यात व्यापार गुजरात में होता है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि ईसबगोल की वर्तमान कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है अभी बाजार 3/5 रुपए मन्दा तेजी के बीच चलते रहेंगे अधिक मन्दा-तेजी नवम्बर में बिजाई के आंकड़े स्पष्ट होने के पश्चात लगाया जाएगा।

वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में ईसबगोल के भाव 105/140 रुपए के चल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि कुल उत्पादन का अधिकतम माल मंडियों में आ जाने के कारण मंडियों में आवक घट गई है।

साथ ही आगामी दिनों में निर्यात एवं लोकल मांग भी अच्छी रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जिस कारण से दीपावली तक कीमतों में 5/7 रुपए प्रति किलो की तेजी आने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं।

स्टॉक: सूत्रों का कहना है कि हाल-फिलहाल ईसबगोल की कीमतों में अधिक तेजी संभव नहीं है क्योंकि उत्पादक केन्द्रों पर स्टॉक पर्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में गुजरात में ईसबगोल का स्टॉक 8/10 लाख बोरी एवं राजस्थान 3/4 लाख बोरी होने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे है। जिस कारण से भावों में 3/5 रुपए प्रति किलो का मन्दा-तेजी बना रहेगा।

निर्यात: चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम चार माह में ईसबगोल का निर्यात गत वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जुलाई- 2025 के दौरान ईसबगोल का निर्यात 21351.50 टन का किया गया था जोकि अप्रैल-जुलाई- 2026 में बढ़कर 22658 टन का हो गया है। जुलाई माह के दौरान भी निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई- 2025 में निर्यात 4910 टन का रहा था जबकि जुलाई- 2026 में 5754 टन का निर्यात किया गया है।