Gold Price Today : सोना-चांदी दोनों की कीमतें औंधे मुंह गिरी, जानिए आज के भाव

0
9

नई दिल्ली। Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमत में पिछले दो दिन से आ रही तेजी आज थम गई। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 1,300 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया जबकि चांदी की कीमत में करीब 1,800 रुपये की गिरावट आई।

कच्चे तेल की कीमत में आज गिरावट आई है लेकिन निवेशक ईरान और अमेरिका के बीच नए तनाव, मिडिल ईस्ट के घटनाक्रम और महंगाई तथा ब्याज दरों पर संभावित असर का आकलन कर रहे हैं। इससे सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है।

एमसीएक्स पर 5 अक्तूबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 154381 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और आज यह 153500.00 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,331 रुपये की गिरावट के साथ 153050.00 रुपये तक गिरा। इसी तरह दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी वायदा भी ₹1,795 गिरकर ₹2,39,808 प्रति किलोग्राम रह गई। इससे पहले, दोनों धातुओं की कीमतों में लगातार दो सत्रों तक बढ़ोतरी हुई थी।

हाजिर बाजार में कीमत
फिजिकल मार्केट में भी सोने की कीमत में मामूली गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 160 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,680 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। 22 कैरेट वाला सोना 150 रुपये नीचे 1,42,700 रुपये पर आ गया जबकि 18 कैरेट वाला सोना 120 रुपये फिसलकर 1,16,760 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह चांदी भी 5,000 रुपये फिसलकर 2,50,000 रुपये पर आ गई।

अंतरराष्ट्रीय कीमतें
शुक्रवार को एक सप्ताह के उच्चतम स्तर को छूने के बाद स्पॉट गोल्ड की कीमत लगभग स्थिर रही और $4,379.74 प्रति औंस पर रही। दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.1% गिरकर $4,419.40 पर आ गया। दूसरी कीमती धातुओं में स्पॉट सिल्वर 0.8% बढ़कर $66.76 प्रति औंस हो गई।