नई दिल्ली। Stock Market Update 9:16 AM: शेयर बाजार की शुरुआत आज मिली-जुली रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स जहां 240 अंक ऊपर खुला वहीं, एनएसई के 50 स्टॉक्स वाले सूचकांक में गिरावट है। निफ्टी 16 अंक नीचे 23330 के लेवल पर खुला। बाजार खुलने के चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स 301 अंक ऊपर 74596 पर पहुंच गया। जबकि, निफ्टी 12 अंक ऊपर 23358 पर ट्रेड करने लगा।
भारतीय शेयर बाजार ने पिछले सप्ताह भी दबाव में कारोबार किया। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 0.65 फीसदी गिरकर 74,294 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 0.22 फीसदी की गिरावट के साथ 23,346 अंक पर रहा। निफ्टी 50 की लगातार छठे सप्ताह गिरावट हुई। यह 2020 के बाद लगातार गिरावट का सबसे लंबा दौर बताया जा रहा है।
सेंसेक्स और निफ़्टी के लिए ग्लोबल मार्केट के संकेत
- गिफ्ट निफ्टी: गिफ्ट निफ्टी करीब 23,320 अंक के आसपास कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से करीब 58.50 अंक नीचे था। इससे सोमवार को भारतीय बाजार में कमजोर शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।
- डॉव जोन्स: अमेरिकी शेयर बाजार में पिछले सप्ताह डॉव जोन्स लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ। डॉव में करीब 1.7 फीसदी की साप्ताहिक गिरावट रही। यह मार्च के बाद इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट बताई गई। एसएंडपी 500 करीब 0.1 फीसदी नीचे रहा, जबकि टेक्नोलॉजी आधारित नैस्डैक में करीब 0.7 फीसदी की बढ़त रही। हालांकि रविवार शाम अमेरिकी शेयर बाजार के वायदा कारोबार में मामूली तेजी दिखी। एसएंडपी 500 फ्यूचर्स 0.23 फीसदी और नैस्डैक-100 फ्यूचर्स 0.27 फीसदी ऊपर थे। डॉव फ्यूचर्स में भी 0.25 फीसदी की बढ़त थी।
- एशियाई बाजार: दक्षिण कोरिया का कोस्पी सोमवार को शुरुआती कारोबार में 1 फीसदी से अधिक ऊपर था। प्रमुख टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला, हालांकि तेल की कीमतों और मध्य पूर्व के तनाव को लेकर निवेशक सतर्क रहे। ताइवान का TAIEX भी 0.54 फीसदी बढ़कर 47,435 अंक के आसपास कारोबार कर रहा था।
- कच्चे तेल के दाम: मध्य पूर्व में तनाव के बावजूद सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में शुरुआती गिरावट देखी गई। बाजार की नजर सऊदी अरब से तेल शिपमेंट में संभावित सुधार पर है।ब्रेंट क्रूड 0.78 फीसदी गिरकर 103.06 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 0.89 फीसदी गिरकर 99.41 डॉलर प्रति बैरल पर था। हालांकि तेल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर हैं। इसलिए भारतीय शेयर बाजार के लिए कच्चा तेल इस सप्ताह भी एक बड़ा ट्रिगर बना रह सकता है।

