
पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक समरसता के संदेश के साथ 56 विशाल इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं वितरित
कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ एवं इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे वृहद जन-जागरूकता अभियान के तहत टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दूसरे दिन रविवार को भी प्रतिमा वितरित की गईं।
जलाशयों और प्रकृति को प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) व रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों से बचाने तथा पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इको फ्रेंडली 56 गणेश प्रतिमाओं एवं 56 केसरिया धर्म ध्वजाओं का निशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि द्वितीय चरण के तहत प्रतिमा वितरण स्थल भांगड़ा और ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। पंजीकृत 56 सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के कार्यकर्ता अपने निर्धारित क्रमांक के अनुसार 4 व 6 फीट की विशाल मिट्टी की प्रतिमाएं प्राप्त कर अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाले पंडालों के लिए सहर्ष प्रस्थान करते रहे।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि कार्यक्रम कुल्लम शक्ति पीठ की माता श्री नीति अंबा के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी, पूर्व महापौर (दक्षिण) राजीव भारती, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, गुजराती समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीडी पटेल, कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, जयपुर के जिला जज एस,के जैन, टीलेश्वर महादेव मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन लाल गर्ग, महामंत्री राजेंद्र अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, आनंद राठी तथा सत्यनारायण श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति सदैव से पर्यावरण का संरक्षण और प्रकृति का सम्मान करना सिखाती है। नदियां, जलश्रोत और वृक्ष हमारी आध्यात्मिक परंपरा के अभिन्न अंग हैं। ऐसे में पीओपी से बनी प्रतिमाओं की जगह शुद्ध मिट्टी की इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना करना हमारी नदियों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाएगा और प्रकृति के प्रति हमारे दायित्व का भी निर्वहन करेगा।
उन्होंने सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ और श्री गणपति क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश समाज में दूरगामी और सकारात्मक बदलाव लाएगा।
इस अवसर पर व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता हैं। गणेश उत्सव हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है।
गणेशोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की मांग
इस अवसर पर मुख्य संयोजक गोविन्द नारायण अग्रवाल ने कोटा में गणेशोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने तथा सार्वजनिक पंडालों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने की मांग रखी। जिस पर विधायक संदीप शर्मा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब की प्रतिमा वितरण प्रबंधन समिति के परमानंद गर्ग, अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, योगेश शर्मा, हेमंत सिंह, कमल सिंह सोलंकी, धर्मपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह हाडा एवं अजय शर्मा ने सभी आमंत्रित अतिथियों का माल्यार्पण व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
