नई दिल्ली। Mustard Weekly Report: सरसों की कीमतों में 5-11 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप 25-50 रुपए प्रति क्विंटल की सीमित तेजी-मंदी देखी गई जबकि कुछ मंडियों में इसमें 200-250 रुपए तक का उतार-चढ़ाव आया।
42% कंडीशन सरसों: 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 50 रुपए बढ़कर 8300 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 25 रुपए सुधरकर 8425 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों का दाम भी 7500 रुपए प्रति क्विंटल से ऊंचा चल रहा है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसका भाव हरियाणा की आदमपुर मंडी में 220 रुपए उछलकर 8260 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा।
मगर हिसार में 200 रुपए तथा सिरसा में 250 रुपए घटकर क्रमशः 7500/7800 रुपए प्रति क्विंटल एवं 7950 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। वहां बरवाला एवं चरखी दादरी में 50 रुपए की तेजी रही। इतनी ही तेजी मध्य प्रदेश के मुरैना एवं पोरसा में देखी गई मगर ग्वालियर में सरसों का भाव 50 रुपए नरम रहा।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सरसों की कीमत 50 रुपए बढ़कर 8600 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा में 25 रुपए सुधरकर 8700/9150 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त – राजस्थान की मंडियां आमतौर पर शांत या नरम रहीं और वहां सरसों के दाम में 15 से 75 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट देखी गई।
सरसों तेल / कच्ची घानी: सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी की कीमतों में या तो स्थिरता या नरमी का माहौल रहा। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 10 रुपए गिरकर 1680 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। कोटा में दोनों किस्मों के सरसों तेल की कीमत 10-10 रुपए नरम रही। जयपुर में भी प्रति 10 किलो पर 5-10 रुपए की नरमी देखी गई। कुल मिलाकर सरसों तेल में कारोबार सुस्त देखा गया।
आवक: राष्ट्रीय स्तर पर सरसों की दैनिक आवक घटकर 3 लाख बोरी (50 किलो की प्रत्येक बोरी) से नीचे आ गई। इसकी आवक 5 सितम्बर को 1.50 लाख बोरी, 7 सितम्बर को 2.50 लाख बोरी, 8 सितम्बर को भी 2.50 लाख बोरी, 9 सितम्बर को 2 लाख बोरी, 10 सितम्बर को 2.25 लाख बोरी तथा 11 सितम्बर को 2 लाख बोरी दर्ज की गई।
सरसों खल (डीओसी): सप्ताह के दौरान सरसों खल एवं डीओसी में अच्छा कारोबार हुआ। घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत रहने से इसकी कीमतों में अच्छी वृद्धि हुई। चरखी दादरी में खल का भाव 100 रुपए बढ़कर 3270 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।

