नई दिल्ली। Forex Reserves: भारत विदेशी मुद्रा भंडार रखने वाले देशों में रूस को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 5 सितंबर को समाप्त सप्ताह में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 44.9 अरब डॉलर की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई जो 785.7 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
यह एक सप्ताह में हुई सबसे बड़ी वृद्धि है। इसे मुख्य तौर पर आरबीआई की एफसीएनआर (बी) जमा स्वैप योजना के तहत विदेशी मुद्रा प्रवाह से रफ्तार मिली। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, इस वृद्धि के साथ ही भारत विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में रूस से आगे निकल गया है।
अब भारत केवल चीन, जापान और स्विट्जरलैंड से पीछे है। 28 अगस्त को समाप्त पिछले सप्ताह में कुल भंडार 740 अरब डॉलर के पिछले उच्च स्तर पर पहुंचा था। विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक यानी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) समीक्षाधीन सप्ताह में 47.5 अरब डॉलर बढ़कर 648.17 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में व्यक्त एफसीए में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में हुई वृद्धि या कमी का प्रभाव शामिल है।

