नई दिल्ली। Stock Market Closed : शेयर बाजार में गुरुवार को दिनभर दायरे में कारोबार हुआ। बेंचमार्क इंडेक्स अंत में हल्की मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 138 अंक ऊपर 74,902 पर बंद हुआ, जो कारोबारी सेशन के दौरान 74,598 तक भी फिसला।
निफ्टी भी 46 अंक उछलकर 23,477 पर बंद हुआ है। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी बैंकिंग, रियल्टी समेत मीडिया शेयरों में हुई। जबकि मेटल और फार्मा शेयरों में नरमी दर्ज की गई।
निफ्टी के टॉप गेनर, टॉप लूजर्स
निफ्टी में शामिल 26 शेयर गिरकर और 24 शेयर चढ़कर बंद हुए। इंडेक्स में HDFC लाइफ, पावरग्रिड और ONGC के शेयरों में 1-2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। जबकि HCL टेक और हिंडाल्को के शेयर 1-1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए।
बाजार में क्यों हुआ दायरे में कारोबार?
SBI सिक्योरिटीज के फंडामेंटल रिसर्च प्रमुख सनी अग्रवाल ने कहा कि गुरुवार को शेयर बाजार सीमित दायरे में रहा। क्लोजिंग ऑक्शन सेशन से पहले निफ्टी 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 23,400 के नीचे बंद हुआ। बड़ी संख्या में शेयरों में गिरावट के कारण पूरे बाजार का रुख भी कमजोर रहा।

