टेंट व्यवसायियों को व्यवसाय मे आ रही समस्याओं का समाधान होगा: ओम बिरला
कोटा। दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय टेंट व्यवसायियों के 16वें प्रांतीय महा अधिवेशन का शुभारंभ रविवार की शाम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि टेंट व्यवसाय समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण व्यवसाय है।
उन्होंने कहा कि आज परिवार में होने वाले किसी भी सामाजिक, धार्मिक या पारिवारिक आयोजन की कल्पना टेंट के बिना करना मुश्किल है। टेंट व्यवसाय हर आयोजन का आवश्यक अंग बन चुका है। टेंट व्यवसायी प्रत्येक सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजन को व्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने टेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवसाय समाज की जरूरतों से सीधे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि कोटा धीरे-धीरे पर्यटन नगरी की ओर अग्रसर हो रहा है। इसके लिए कोटा में होटल फेडरेशन कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी विगत दो वर्षो से लगातार कोटा में पर्यटन विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ द्वारा लगाई गई हाड़ौती पर्यटन, व्यापार एवं उद्योग प्रदर्शनी का भी लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने फीता काटकर उद्घाटन किया। समारोह में हाड़ौती सोलर एवं अनंत ऊर्जा एक्सपो का उद्घाटन तथा दीप प्रज्वलन कर 16वें प्रांतीय महाअधिवेशन का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में टेंट व्यवसायी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
देखिये समारोह का लाइव वीडियो
आयोजन स्थल को आकर्षक टेंट एवं डेकोरेशन से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भव्य नजर आ रहा था। ऑल इंडिया टेन्ट डीलर्स एसोसियेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष के सामने टेन्ट व्यवसाय में आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से 24 वर्ष बाद कोटा में 16वां प्रांतीय महाधिवेशन का आयोजन हुआ है इसमें कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी का कभी बहुत बड़ा योगदान है।
250 से अधिक स्टॉले लगी
इस महा अधिवेशन मे 250 से अधिक स्टॉले लगी हैं। यह क्षेत्र सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ रोजगार का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने व्यवसायियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर आवश्यक सहयोग की मांग रखी। टेंट व्यवसायियों की समस्याओं को सुनने के बाद लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग एवं प्रयास का आश्वासन दिया।
व्यापार के साथ रोजगार भी बढ़ेगा
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर का यह आयोजन हो रहा है, जो हाड़ोती के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन कोटा में होते रहने चाहिए, ताकि यहां की व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ यहां पर रोजगार के भी नए अवसर पैदा होंगे।
हाड़ोती के व्यापार एवं पर्यटन को एक नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन ने हाड़ौती के पर्यटन, व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी लगाई है। जिसका लोकसभा अध्यक्ष ने उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से टेंट व्यवसायी भाग ले रहे हैं। इससे कोटा में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ होटल, परिवहन, खान-पान एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। इसमें कोटा नमकीन व्यापार समिति और दी एस एस आई एसोसिशन द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया है
बिरला का किया अभिनन्दन
कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, कार्यक्रम संयोजक दीपक सिंघल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह, आयोजन के सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत सहित पूरे प्रदेश से आए पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला का बड़ा हार एवं साफा प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया।
उद्घाटन समारोह में टेंट व्यवसायियों के साथ-साथ कोटा के व्यापार एवं उद्योग जगत की संस्थाओं के पदाधिकारी भी मौजूद थे। दशहरा मैदान में आयोजित इस महाअधिवेशन में टेंट एवं डेकोरेशन क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक तकनीक, सामग्री और नए स्वरूपों की भी जानकारी व्यवसायियों को मिल रही है।
एक्सपो 8 सितम्बर तक चलेगा
महाअधिवेशन एवं एक्सपो 8 सितम्बर तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें विभिन्न प्रकार के सेमीनार b2b मीटिंग आदि का आयोजन किए जाएंगे। एक्सपो में पूरे देश के कई बड़े-बड़े टेंट सप्लायरों ने अपनी स्टॉल के माध्यम से अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री शुरू की है।



