टेंट एवं डेकोर एक्सपो का भव्य आगाज, 26 राज्यों के हजारों व्यवसायी पहुंचे कोटा

0
12

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती टेंट व्यवसायी एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में 6 से 8 सितम्बर तक दशहरा मैदान, ट्रैफिक कार्यालय के पास, सी.ए.डी. सर्किल, कोटा में आयोजित 16वें प्रांतीय महाअधिवेशन एवं टेंट एवं डेकोर एक्सपो-2026 का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ।

शुभारंभ समारोह मे राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला मुख्य अतिथि रहे। समारोह की अध्यक्षता ऑल इंडिया टेंट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल ने की। विशिष्ट अतिथि राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी रहे।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, कार्यक्रम संयोजक दीपक सिंघल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी, सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया कि समारोह से पूर्व देश के विभिन्न राज्यों से आए टेंट संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अतिथियों को सी.ए.डी. सर्किल से बग्गियो में बैठाकर बैंड-बाजों के साथ समारोह स्थल तक लाया गया।

आयोजन स्थल पर सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर राजेश बिरला ने महाअधिवेशन के लिए आयोजकों एवं टेंट व्यवसायियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोटा में इतने बड़े स्तर पर टेंट एवं डेकोर व्यवसायियों का प्रांतीय महाअधिवेशन आयोजित होना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बड़े आयोजन कोटा की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन, होटल, व्यापार एवं परिवहन क्षेत्र को भी गति प्रदान करते हैं। राजेश बिरला ने कहा कि इस आयोजन से हाड़ौती क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और कोटा को भविष्य में डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि एक्सपो में हाड़ौती के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष एवं बड़ा पंडाल लगाया गया है। इसमें हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों, व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, संपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर तथा भविष्य में व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

एलईडी स्क्रीन, चित्रों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से देशभर से आने वाले टेंट व्यवसायियों एवं विजिटर्स को हाड़ौती के पर्यटन, व्यापार, उद्योग एवं निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस पंडाल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन, द एस.एस.आई. एसोसिएशन कोटा एवं नमकीन व्यापार समिति भी कोटा व्यापार महासंघ के साथ पूर्ण सहयोग कर रही हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि देशभर से आने वाले हजारों व्यवसायियों के बीच हाड़ौती की पर्यटन एवं व्यापारिक संभावनाओं को प्रदर्शित करने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। इससे हाड़ौती को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ यहां के होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, व्यापार एवं पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भविष्य में हाड़ौती को वेडिंग डेस्टिनेशन एवं प्रमुख पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ऑल इंडिया टेंट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल एवं राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने बताया कि महाअधिवेशन एवं एक्सपो में भाग लेने के लिए देश के 26 राज्यों से करीब 10 से 15 हजार प्रतिभागी कोटा पहुंच चुके हैं। एक्सपो में 300 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक साज-सज्जा एवं बेहतरीन डेकोरेशन के साथ सजाया गया है।

महाअधिवेशन में अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो द्वारा भी 100 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। इन स्टॉलों पर सौर ऊर्जा एवं उससे संबंधित आधुनिक तकनीक और उत्पादों की जानकारी देशभर से आने वाले विजिटर्स एवं व्यवसायियों को उपलब्ध कराई जा रही है।