कोटा। नगर निगम चुनाव में इस बार सिर्फ सियासी समीकरण ही दिलचस्प नहीं हैं, बल्कि प्रत्याशियों की जेब का हिसाब भी खूब चर्चा में है। कांग्रेस और बीजेपी के 200 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों में घोषित संपत्ति के आंकड़ों पर नजर डालें तो 17 प्रत्याशी करोड़पति हैं।
इनमें बीजेपी के 13 और कांग्रेस के 4 उम्मीदवार शामिल हैं। यानी करोड़पति प्रत्याशियों के मामले में बीजेपी, कांग्रेस से काफी आगे है। दोनों दलों में सबसे ज्यादा संपत्ति वाले प्रत्याशी देवेंद्र कुमार शर्मा हैं। उनके पास करीब 12 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति बताई गई है।
वहीं दूसरी तरफ तस्वीर का दूसरा छोर भी है। दोनों पार्टियों के 9 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी घोषित चल-अचल संपत्ति 50 हजार रुपये तक भी नहीं पहुंचती। इनमें बीजेपी के 5 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी शामिल हैं।
उम्मीदवारों की संपत्ति में सबसे रोचक अंतर वाहनों को लेकर दिखाई देता है। वार्ड 51 से बीजेपी प्रत्याशी के पास करीब 1.20 करोड़ रुपये के वाहन घोषित हैं। इसके उलट वार्ड 79 के बीजेपी प्रत्याशी के पास बाइक तक नहीं है। यानी एक ही चुनाव में कोई उम्मीदवार करोड़ों की गाड़ियों के साथ मैदान में है तो कोई बिना दोपहिया वाहन के।
25 लाख से ज्यादा संपत्ति वाले 80 उम्मीदवार
बीजेपी-कांग्रेस के 200 उम्मीदवारों में 80 प्रत्याशियों के पास 25 लाख रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति है। इनमें बीजेपी के 51 और कांग्रेस के 29 उम्मीदवार शामिल हैं। संपत्ति के लिहाज से भी बीजेपी उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा दिखाई देती है।
नाम वापसी के बाद कोटा में बीजेपी और कांग्रेस के बीच 22 वार्डों में सीधा मुकाबला होगा। हालांकि, दोनों दलों के लिए बागी और टिकट के दावेदार सिरदर्द बने हुए हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद बीजेपी के 6 और कांग्रेस के 7 दावेदार मैदान में डटे हैं।
23 वार्डों में निर्दलीयों का खेल
कोटा के 23 वार्डों में तीन या उससे ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 19, 22 और 45 में 6-6 निर्दलीय हैं, जबकि वार्ड 12, 16, 52, 64, 70 और 92 में 5-5 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा आरएलपी के 4 प्रत्याशी, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं। ऐसे में कई वार्डों में निर्दलीय वोटों का बंटवारा दोनों प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ सकता है।
मेयर की कुर्सी पर 10 महिला चेहरों की नजर
कोटा में मेयर पद की दौड़ भी दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस की ओर से अमोलक देवी, आईना महक, देव बाई गुर्जर, सीमा यादव और सविता सुवालका के नाम चर्चा में हैं। बीजेपी की तरफ से अनसूया गोस्वामी, प्रतिभा सुमन, सीमा चौधरी, पुष्पा चौधरी और दीपा आर्य को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

