निकाय चुनाव से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज और रितेश मेघवाल भाजपा में शामिल

0
16

सांगोद। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच क्षेत्रीय राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वार्ड नंबर 19 से कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी रहे हेमराज मेघवाल (डैनी) और उनके सहयोगी रितेश मेघवाल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

किशनगंज विधायक और चुनाव प्रभारी ललित मीणा की उपस्थिति में दोनों नेताओं को भाजपा की रीतियों-नीतियों से जोड़ा गया। विधायक ललित मीणा ने साफा, भारतीय जनता पार्टी का दुपट्टा पहनाकर और माला अर्पण कर दोनों नेताओं का भाजपा परिवार में औपचारिक रूप से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह घटनाक्रम स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने वार्ड नंबर 19 से हेमराज मेघवाल (डैनी) पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था।

हालांकि, नामांकन प्रक्रिया की जांच के दौरान तकनीकी कारणों से उनका पर्चा खारिज हो गया था। पर्चा खारिज होने के बाद उत्पन्न हुए राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच हेमराज मेघवाल और रितेश मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी की विकासपरक नीतियों में अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया।

भाजपा में शामिल होने के बाद हेमराज मेघवाल (डैनी) ने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों से प्रभावित होकर इस परिवार से जुड़े हैं। उन्होंने संकल्प जताया कि वे और उनके समर्थक पूरी निष्ठा के साथ भाजपा को मजबूत करने तथा क्षेत्र के जन-जन तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेंगे।

वहीं, विधायक ललित मीणा ने इस अवसर पर कहा कि दोनों समर्पित नेताओं के भाजपा में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। जिन्होंने आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ नवागत सदस्यों का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम मेहता और महिला ब्लॉक अध्यक्ष दृष्टि सुमन भी बीजेपी की सदस्यता ले चुके हैं।