हाड़ोती के पर्यटन विकास को और अधिक गति देने के लिए हरसंभव प्रयास होंगे: त्रिपाठी

0
24
कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 से डेस्टिनेशन वेडिंग एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स को जोड़ेंगे: माहेश्वरी

कोटा। हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति देने तथा प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 के आयोजन को लेकर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, कोटा डिवीजन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जयपुर में राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी से मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हाड़ोती में तेजी से बढ़ रही पर्यटन गतिविधियों, पर्यटन स्थलों के विकास तथा आगामी कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में कोटा एवं हाड़ोती में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी एवं रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व सहित अन्य पर्यटन स्थल देशभर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन द्वारा लगातार फेम टूर आयोजित कर देशभर के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती में आमंत्रित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से कोटा एवं हाड़ोती में पर्यटन गतिविधियां बढ़ रही हैं, वह क्षेत्र के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास को निरंतर गति देने के लिए जनवरी में प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस बार ट्रेवल मार्ट को और व्यापक एवं सार्थक बनाने के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग तथा अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इससे हाड़ोती को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने बताया कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के आयोजन के बाद हाड़ोती के लिए सैकड़ों नए टूर पैकेज तैयार होकर संचालित हो रहे हैं। फेडरेशन द्वारा लगातार फेम टूर के माध्यम से देशभर के टूर ऑपरेटर्स को कोटा एवं हाड़ोती बुलाकर यहां के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार एवं मार्केटिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटक कोटा एवं हाड़ोती पहुंच रहे हैं और हाड़ोती को एक नई एवं आकर्षक पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में पसंद किया जा रहा है। हाड़ोती को मेवाड़ पर्यटन सर्किट से जोड़ने के बाद गुजरात सहित अन्य राज्यों के पर्यटक उदयपुर होते हुए कोटा एवं बूंदी पहुंच रहे हैं। इस पर्यटन सर्किट को और मजबूत करने के लिए कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 का आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।

राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी ने कहा कि हाड़ोती वर्तमान में राजस्थान का एक उभरता हुआ नया पर्यटन गंतव्य है। जिस तरह से पर्यटकों एवं टूर ऑपरेटर्स की ओर से हाड़ोती को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, उससे आने वाले समय में इस क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां मिलने की पूरी संभावना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान में पर्यटन विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हाड़ोती के पर्यटन विकास को गति देने के लिए कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 के आयोजन को लेकर विभाग हरसंभव सहयोग एवं प्रयास करेगा।

त्रिपाठी ने बताया कि हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राजस्थान पर्यटन के प्रचार-प्रसार की कड़ी में शामिल किया जा चुका है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट में भी हाड़ोती के पर्यटन स्थलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग, होटल एवं पर्यटन उद्योग तथा स्थानीय संगठनों के संयुक्त प्रयास निरंतर जारी रहे तो हाड़ोती आने वाले समय में राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाने के साथ राजस्थान के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल हो सकता है।