सांसद जन सेवा अभियान: सांगोद शिविर में प्रकरणों का हुआ त्वरित निस्तारण

0
2

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के कुशल मार्गदर्शन में बुधवार को नगर पालिका सांगोद में ‘सांसद जन सेवा अभियान’ के तहत दो दिवसीय विशेष जन सेवा शिविर का पहला दिन अत्यंत सफल रहा।

शिविर में आमजन की सुविधा के लिए विभिन्न प्रशासनिक विभागों के स्टॉल लगाए गए। जहाँ एक ही छत के नीचे नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में आधार कार्ड बनवाने व संशोधन, जन आधार कार्ड बनवाने व उसमें त्रुटि सुधार, परिवारों के सरकारी दस्तावेजों का शुद्धिकरण, खाद्य सुरक्षा पात्रता का सत्यापन एवं नवीन जुड़ाव, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ वितरण तथा महिला व बाल विकास विभाग से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुँचाया गया।

इसके अलावा, मतदाता पहचान पत्र एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने और संशोधित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी प्राथमिकता के साथ सम्पादित किए गए। इस दौरान प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं तथा उप प्रधान ओम नागर अडूसा मौजूद रहे।

मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने शिविर के प्रथम दिवस की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर को लेकर नगर पालिका ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। पहले ही दिन विभिन्न पंजीयन दर्ज किए गए। जिनमें कई लाभार्थी एक से अधिक योजनाओं में लाभान्वित हुए।

इनमें आधार कार्ड सम्बंधी, जन आधार कार्ड सम्बंधी, खाद्य सुरक्षा योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, मतदाता पहचान पत्र संबंधी प्रकरण अधिक दर्ज किए गए।

आज भी जारी रहेगा शिविर
मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने बताया कि यह दो दिवसीय सांसद जन सेवा अभियान शिविर 13 अगस्त को भी प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक नगर पालिका डोम, सांगोद में निरंतर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक परिवार के सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, त्रुटि-सुधार एवं नवीन पंजीकरण कर पात्र लाभार्थियों को सीधे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि आमजन को सरकारी सुविधाओं का लाभ बिना किसी कठिनाई के सहजता से प्राप्त हो सके। उन्होंने क्षेत्र के समस्त वंचित नागरिकों, श्रमिकों एवं पात्र परिवारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों के शुद्धिकरण एवं विभिन्न राजकीय योजनाओं का लाभ उठाने हेतु इस शिविर का अवसर लें।