दशहरा मेले में ईवी प्रदर्शनी लगाने व मुकुंदरा टाइगर रिजर्व की मार्केटिंग का सुझाव

0
21

शहर के व्यापारिक संगठनों ने दिए दशहरा मेले को बेहतर बनाने के अनेक सुझाव

कोटा। दशहरा मेले में ईवी की प्रदर्शनी आयोजित की जाए। स्थानीय उत्पादों के लिए अलग से बाजार तैयार किया जाए। मेले के माध्यम से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की भी मार्केटिंग की जाए। यह सुझाव मंगलवार को शहर के विभिन्न व्यापार संघ के प्रतिनिधियों ने निगम प्रशासन को मेले को बेहतर बनाने के लिए दिए।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर शहर के विभिन्न वर्गों से मेले को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। इसी कड़ी में मंगलवार को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी तथा ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भाटिया के नेतृत्व में व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई।

बैठक में व्यापारियों ने फेज-2 में ईवी प्रदर्शनी के आयोजन के साथ वाहनों के रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट के प्रयास करने का सुझाव दिया। इसके अलावा स्थानीय उत्पादों जैसे नमकीन, कोटा डोरिया, बर्तन आदि के लिए भी अलग से बाजार तैयार करने, पार्किंग व्यवस्था में सुधार तथा वहां असामाजिक व्यक्तियों को नियंत्रित करने पर जोर दिया गया।

इनके अलावा राम बारात को बेहतर बनाने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकरों को प्रोत्साहित करने, झूला बाजार से अलग से आने-जाने के लिए द्वार बनाने, कोचिंग एरिया में बस सुविधा मुहैया करवाने, मेले को पारम्परिक के साथ आधुनिक स्वरूप देने, मेले के माध्यम से कोटा के पर्यटन स्थलों का प्रचार करने एवं अन्य देशों के राजदूतों को मेले में आमंत्रित करने जैसे सुझाव दिए।

आयुक्त मेहरा ने बताया कि चर्चा के दौरान कई ऐसे महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनके माध्यम से मेले का स्वरूप निखारने के प्रयास किए जाएंगे। मेले की प्लानिंग में भी व्यापार संघ की सहभागिता बढ़ाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में मुख्य अभियंता महेश चंद गोयल, उपायुक्त राजस्व धीरज कुंमार सोनी, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री, व्यापार महासंघ से कौशल गांधी, नमकीन व्यापार संघ से रामनाथ अग्रवाल सहित विभिन्न व्यापार संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।