11 राज्यों के टूर ऑपरेटर्स के साथ B2B संवाद के साथ फेम टूर का समापन
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन, इंडिया आउटा बॉक्स एवं कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय हाड़ोती-मेवाड़ फेम टूर का समापन समारोह रविवार को एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित किया गया।
फेम टूर में देश के 11 राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया तथा होटल, रिसॉर्ट, पर्यटन सुविधाओं और डेस्टिनेशन वेडिंग की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह से पूर्व टूर ऑपरेटर्स के साथ B2B मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें हाड़ोती के होटल व्यवसायियों, पर्यटन से जुड़े प्रतिनिधियों और टूर ऑपरेटर्स के बीच पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा नए टूर पैकेज एवं आइटनरी तैयार करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि आठ दिवसीय फेम टूर पूरी तरह सफल रहा। इस फेम टूर के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स को कोटा, बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ यहां उपलब्ध होटल एवं रिसॉर्ट सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि हाड़ोती क्षेत्र में करीब 500 से अधिक होटल एवं अन्य रिसोर्ट इकाइयां है जो पर्यटकों के स्वागत के लिए उपलब्ध हैं। टूर ऑपरेटर्स को यहां की पर्यटन आइटनरी, रोड एवं रेल कनेक्टिविटी, खान-पान, संस्कृति, मेलों एवं उत्सवों की जानकारी दी गई। इनमें कोटा दशहरा मेला, बारां डोल मेला, झालावाड चंद्रभागा मेला, बूंदी की तीज तथा कोटा-बूंदी- झालावाड के महोत्सव प्रमुख हैं।
B2B मीटिंग में यह भी बताया गया कि हाड़ोती में कई ऐसे होटल एवं रिसॉर्ट हैं, जहां बड़ी संख्या में कमरे, बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए टेंट, कैटरिंग, इवेंट, साउंड, ट्रांसपोर्टेशन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। देश के अन्य शहरों की तुलना में यहां डेस्टिनेशन वेडिंग एवं पर्यटकों के ठहरने की सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
इंडिया आउटा बॉक्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ एवं फाउंडर विनी के. विलियम्स एव पूजा ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के साथ हुई चर्चा के अनुसार भविष्य में भी हमारे द्वारा लगातार फेम आयोजित किए जाएंगे और देश के विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब बीकानेर और जयपुर को हाड़ोती सर्किट से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि बीकानेर, जयपुर और हाड़ोती को मिलाकर नई पर्यटक आइटनरी तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि बीकानेर जयपुर से हाड़ोती की रोड एवं रेल कनेक्टिविटी बेहतर है। आगामी समय में विशेष रूप से दक्षिण भारत के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती से जोड़ना हमारी कम्पनी का मुख्य फोकस रहेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट एवं डीएफओ एस मुथु ने कहा कि हाड़ोती में तीन बेहतरीन अभयारण्य होने के साथ-साथ चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, गड़रिया महादेव, अभेड़ा महल एवं जवाहर सागर जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन एवं वन्यजीव स्थल हैं। जवाहर सागर क्षेत्र की वाइल्डलाइफ विश्वस्तरीय है।
उन्होंने कहा कि हाड़ोती के पर्यटन का भविष्य उज्ज्वल है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम ने पिछले दो वर्षों में पर्यटन विकास के लिए जिस गति से कार्य किया है, सामान्य परिस्थितियों में ऐसे कार्य को पूरा करने में 10 वर्ष लग जाते हैं।
उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन द्वारा पर्यटन विकास को लेकर उनके समक्ष रखी गई मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया गया है। आज चंबल सफारी और मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित गड़रिया महादेव राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। भविष्य में इन पर्यटन स्थलों को और अधिक सुविधायुक्त बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चंबल सफारी एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भी प्रारंभ किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे देश के किसी भी कोने में बैठा पर्यटक हाड़ोती की अपनी यात्रा की बुकिंग आसानी से करा सकेगा।
समापन समारोह में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स का विशेष उपहार एवं स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया। टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ोती के आतिथ्य सत्कार को अव्वल दर्जे का बताते हुए कहा कि चार दिवसीय हाड़ोती भ्रमण का अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि हाड़ोती में पर्यटन स्थलों का जो समावेश है, वह देश के अन्य पर्यटन क्षेत्रों की तुलना में बेहद आकर्षक है।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सचिव कोशल बंसल एवं सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने मुख्य उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट एवं डीएफओ एस मुथु का चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बेहतरीन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराये जाने पर साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
साथ ही पूर्व डीएफओ दौलत सिंह शक्तावत, केंटर नाव संचालक बनवारी एवं उर्वशी शर्मा का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में सभी टूर ऑपरेटर्स को शानदार साइटिंग कराई।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन ने फेम टूर में आए सभी टूर ऑपरेटर्स को बेहतरीन आवास, भोजन अल्पहार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कराने के लिए बूंदी के अनंता रिसॉर्ट, होटल हाड़ोती पैलेस, कोटा के तिरुपति रिसॉर्ट, माहेश्वरी रिसॉर्ट, मुकुंदरा सरोवर प्रीमियर रिसोर्ट, हरियाली रिसॉर्ट, द फर्न इकोटेल मेवल रिसॉर्ट सहित सभी सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया।
फेम टूर के सफल आयोजन एवं मेवाड हाड़ोती भ्रमण का बेहतरीन ढंग से आयोजन करने के लिए इंडिया आउटा ऑफ के सी ई ओ विनी विलियम्स एवं पूजा विलियम्स का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया।
इसी क्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं जयपुर से आई उनकी टीम, उदयपुर डिवीजन के अध्यक्ष राकेश चौधरी एवं सचिव अंबालाल साहू का भी आभार व्यक्त किया गया। जिन्होंने मेवाड़-हाड़ोती को जोड़ते हुए नई आइटनरी तैयार करने और हाड़ोती को उदयपुर जैसे प्रमुख पर्यटन शहर से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस फेम टूर के माध्यम से हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक हाड़ोती की ओर आकर्षित होंगे ।



