राजसी ठाठ-बाट के साथ आज निकलेगी राम बारात, लोकनृत्य की प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी शोभा

0
14

घुड़सवार सैनिक, हाथी-ऊंटगाड़ी और भगवान श्रीराम की सवारी रहेगी आकर्षण का केंद्र

कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के तहत गुरुवार को शहर में भव्य राम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 5 बजे गीता भवन से शुरू होने वाली शोभायात्रा में राजसी वैभव, लोक कलाओं और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री माननीय गौतम कुमार दक जी शोभायात्रा के मुख्य अतिथि होंगे। माननीय विधायक श्री शांति धारीवाल जी, श्री संदीप शर्मा जी, श्रीमती कल्पना देवी जी भी शोभायात्रा में उपस्थित रहेंगे।

महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि राम बारात के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मार्गों को केसरिया पताकाओं, आकर्षक झालरों और बंदनवार से सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। भगवान श्रीराम के दरबार से जुड़े आकर्षक कटआउट भी शोभायात्रा मार्ग की शोभा बढ़ाएंगे। पूरा मार्ग राममय नजर आएगा।

आयुक्त एवं मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि शोभायात्रा में राजसी वेशभूषा में घुड़सवार और पैदल सैनिकों की टुकड़ियां हाथों में भाले और सिर पर शाही पगड़ी धारण कर चलेंगी। इनके आगे सेवक सूर्य ध्वज लेकर चलेंगे। पुलिस बैंड और मशक बैंड की स्वर लहरियां शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी।

शोभायात्रा में घोड़ा-बग्गी, हाथी और ऊंटगाड़ी शामिल होंगे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न बग्गी में सवार होकर चलेंगे। वहीं राजा दशरथ, मंत्री सुमंत, ऋषि विश्वामित्र और वशिष्ठ की सवारी भी शोभायात्रा का हिस्सा होगी।

घूमर से गतका तक दिखेगी लोक संस्कृति
राम बारात में महिला और पुरुष कलाकार घूमर नृत्य की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ झालावाड़ का प्रसिद्ध बिंदोरी नृत्य, कच्छी घोड़ी, पंजाबी भांगड़ा और कजरी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डांडिया मंडलियों के साथ ढोल-ताशे, नगाड़े और शहनाई की गूंज से माहौल उत्सवी बनेगा। राष्ट्रीय स्तर के 40 वादकों का दल और स्थानीय बैंड दल भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। महिलाएं मंगल गीत गाती हुई चलेंगी। सिख युवा परंपरागत गतका कला का प्रदर्शन करेंगे।

गीता भवन से श्रीराम रंगमंच तक निकलेगी यात्रा
शोभायात्रा शाम 5 बजे गीता भवन से रवाना होकर वाल्मीकि बस्ती, सुंदर धर्मशाला, गांधीजी का पुल, कैथूनीपोल थाना, गढ़ पैलेस और टिपटा होते हुए किशोरपुरा दरवाजे पहुंचेगी। यहां से शोभायात्रा श्रीराम रंगमंच पर संपन्न होगी। शहर के विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों और संस्थाओं की ओर से मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राम बारात का स्वागत किया जाएगा।

निगम आयुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
रामबारात शोभायात्रा’ की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को मेला अधिकारी निगम आयुक्त ओपी मेहरा ने अधिकारियों की टीम के साथ शोभायात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेला अधिकारी मेहरा ने पूरे मार्ग पर विशेष स्वच्छता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने भी किया पूरे मार्ग का अवलोकन

इससे एक दिन पहले शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को महापौर अनुसुइया गोस्वामी के नेतृत्व में नगर निगम के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे शोभायात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में उप महापौर विवेक राजवंशी, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, अतिरिक्त मेला अधिकारी भावना सिंह, उपायुक्त धीरज कुमार सोनी, चीफ इंजीनियर महेश गोयल सहित निगम के उच्च अधिकारी शामिल रहे।