Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में फिर जोरदार तेजी, जानिए आज के भाव

0
5

नई दिल्ली। इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बाजार खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। जहां एक तरफ सोने के भाव में आधे परसेंट से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है, वहीं दूसरी तरफ चांदी की कीमतें एक परसेंट से भी ज्यादा की रफ़्तार से ऊपर भाग रही हैं।

जानकारों के मुताबिक, पूरा हफ्ता ही सोने-चांदी के निवेशकों के लिए मुनाफे वाला रहा है और पिछले कुछ दिनों से कीमतों में लगातार शानदार बढ़त बनी हुई है।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर महीने की डिलीवरी वाला सोना 842 रुपये की बढ़त के साथ 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। आज सुबह जब बाजार खुला, तो सोने ने 1,49,355 रुपये से शुरुआत की थी।

देखते ही देखते खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी और सोने का भाव 1,49,724 रुपये के आज के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। अगर हम गुरुवार के बंद भाव (1,48,858 रुपये) से तुलना करें, तो आज सोने की कीमतों में करीब 866 रुपये तक की बड़ी तेजी आ चुकी है।

सोने के साथ-साथ चांदी खरीदने वालों को भी आज ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है।सितंबर डिलीवरी वाली चांदी आज 2,514 रुपये की बड़ी छलांग लगाकर 2,28,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

आज सुबह चांदी 2,27,993 रुपये पर खुली थी, जो गुरुवार को 2,25,836 रुपये पर बंद हुई थी। आज बाजार के दौरान चांदी का भाव ऊंचे में 2,28,700 रुपये तक चला गया, यानी कल के मुकाबले चांदी आज 2,864 रुपये तक महंगी हो चुकी है।

सर्राफा बाजार में बंपर तेजी
आम ग्राहकों के लिए दिल्ली के सर्राफा बाजार से भी महंगाई की खबर है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बीते दिन यानी गुरुवार को दिल्ली के हाजिर बाजार में 24 कैरेट (99.9% शुद्धता) सोने का भाव 3,800 रुपये की भारी उछाल के साथ 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

यह पिछले 7 हफ्तों का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, चांदी भी 2,100 रुपये महंगी होकर 2,34,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। बाजार के जानकारों का मानना है कि वैश्विक कारणों और मजबूत मांग की वजह से यह तेजी देखने को मिल रही है।