Mustard Price: देश की अधिकांश मंडियों में सरसों 8000 रुपये क्विंटल से ऊपर बिकी

0
10

नई दिल्ली। Mustard Weekly Report:कम आवक एवं खरीदारों की जोरदार मांग के सहारे हरियाणा की आदमपुर मंडी में 25-31 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान सरसों का भाव 634 रुपए की जोरदार उछाल के साथ 8234 रुपए प्रति क्विंटल की उंचाई पर पहुंच गया लेकिन अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में इसके दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की सामान्य तेजी-मंदी दर्ज की गई।

42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 50 रुपए गिरकर 8150 रुपए प्रति क्विंटल रह गया जबकि जयपुर में 75 रुपए सुधरकर 8425 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। हरियाणा की अन्य मंडियां या तो स्थिर या कुछ नरम रहीं।

मध्य प्रदेश की मुरैना, पोरसा एवं ग्वालियर मंडी में सरसों का कारोबार सामान्य तथा भाव स्थिर रहा जबकि राजस्थान की मंडियों में कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया। वहां भरतपुर के दाम 50 रुपए सुधरकर 7900 रुपए प्रति क्विंटल तथा अलवर में 150 रुपए बढ़कर 8100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर कोटा में 100 रुपए गिरकर 7500/8300 रुपए तथा बीकानेर में 220 रुपए घटकर 6500/7280 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का भाव 175 रुपए तेज रहा।

सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी के दाम में 2 से 4 रुपए प्रति किलो तक की तेजी रही। इसमें मांग अब भी मजबूत बनी हुई है। एक्सपेलर का भाव दिल्ली में 5 रुपए सुधरकर 1670 रुपए प्रति 10 किलो तथा लुधियाना में 40 रुपए उछलकर 1680 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।

कहीं-कहीं इसमें थोड़ी-बहुत नरमी भी दर्ज की गई। बीकानेर में एक्सपेलर तथा हापुड़ में कच्ची घानी सरसों तेल के दाम में प्रति 10 किलो पर 30-30 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। मुम्बई में एक्सपेलर 10 रुपए नीचे आया। सरसों की दैनिक आवक घटकर 3 लाख बोरी से नीचे आ गई है। सप्ताह के दौरान इसकी आपूर्ति नीचे में 2 लाख बोरी से लेकर ऊपर 2.50 लाख बोरी तक देखी गई।

सरसों खल एवं डीओसी की कीमतों में भी कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया लेकिन इसका दायरा सीमित रहा। अलवर तथा खैरथल में सरसों खल के दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार आया। मुरैना में डीओसी 500 रुपए प्रति टन तेज हो गया।