स्काउट एवं गाइड कोटा जिले का वार्षिक अधिवेशन 30 जुलाई को

0
8

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, कोटा जिले का वार्षिक अधिवेशन 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे से केशवपुरा बालाकुंड स्थित एमडी मिशन एजुकेशन ग्रुप के भवन में आयोजित किया जाएगा।

अधिवेशन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल की अध्यक्षता में किशोर सागर तालाब के सामने स्थित जिला मुख्यालय पर तैयारी बैठक आयोजित की गई। जिसमें अधिवेशन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में जिला उप प्रधान विजय माहेश्वरी, जिला सचिव रामविलास रखवाला, सीओ स्काउट बृजसुंदर मीणा, सीओ गाइड प्रीति कुमारी सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिवेशन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया तथा पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही अतिथियों के स्वागत, पंजीयन, मंच व्यवस्था, सम्मान समारोह, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला प्रधान जायसवाल ने बताया कि अधिवेशन के मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में विधायक संदीप शर्मा अपनी प्रेरक बातों से स्काउट-गाइड परिवार का मार्गदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में राष्ट्रीय उप प्रधान विमला मेघवाल, राज्य उप प्रधान सुमन श्रृंगी, शारदा जायसवाल, राज्य सचिव डॉ. पीसी जैन, राज्य संगठन आयुक्त पूरण सिंह शेखावत तथा पूर्व राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इन वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति से अधिवेशन को नई दिशा एवं ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

अधिवेशन के दौरान जिले के विभिन्न स्थानीय संघों द्वारा वर्षभर में किए गए गुणात्मक एवं मात्रात्मक कार्यों, नवाचारों तथा उल्लेखनीय गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्थानीय संघों, इकाइयों एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

इस अवसर पर दिवंगत स्काउटर रामचंद्र गोचर की स्मृति में उत्कृष्ट स्काउटर के लिए “चल वैजयंती” की भी शुरुआत की जाएगी। जो प्रतिवर्ष श्रेष्ठ कार्य करने वाले स्काउटर को प्रदान की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि अधिवेशन में गत वर्ष की उपलब्धियों एवं गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही आगामी वर्ष के प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, युवा नेतृत्व निर्माण तथा संगठन विस्तार से संबंधित योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

संगठन के लेखा-जोखा एवं वार्षिक प्रतिवेदन पर भी चर्चा कर उन्हें अंतिम स्वीकृति प्रदान की जाएगी। जिला प्रधान ने सभी पदाधिकारियों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों से अधिवेशन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।