चंबल की नहरों में जलप्रवाह बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन

0
4

किसानों ने संभागीय आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा

कोटा। चम्बल परियोजना की नहरों में पर्याप्त जलप्रवाह नहीं होने से खरीफ फसलों के सूखने की आशंका के बीच भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर नहरों में तत्काल जलप्रवाह बढ़ाने की मांग उठाई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो वे व्यापक आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने बताया कि जिलाध्यक्ष जगदीश कलमण्डा, लाडपुरा तहसील अध्यक्ष दाऊशंकर शर्मा तथा कोटा महानगर अध्यक्ष बृजराज नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे।

किसानों ने “सूखती फसलें करें पुकार, नहरों में पानी बढ़ाओ सरकार” और “नहीं किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते” जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया तथा अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर दांयी मुख्य नहर में जलप्रवाह बढ़ाने की मांग की।

जिलाध्यक्ष जगदीश कलमण्डा ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसल पूरी तरह नहरी सिंचाई पर निर्भर है। किसान आंदोलन के बाद सरकार और प्रशासन ने नहरों में पानी छोड़ने का निर्णय तो लिया, लेकिन वर्तमान में छोड़ा जा रहा जलप्रवाह इतना कम है कि पानी केवल नहर के तल तक ही सीमित है और खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए चिंतित हैं।

उन्होंने कहा कि किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नहरों में पूरी क्षमता से पानी छोड़ा जाएगा, जिससे समय पर सिंचाई हो सके और फसलें बचाई जा सकें। वर्तमान स्थिति ऐसी है कि जलप्रवाह केवल दिखावे तक सीमित प्रतीत हो रहा है, जबकि किसानों को वास्तविक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता है। भारतीय किसान संघ ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि नहरों में तत्काल पर्याप्त जलप्रवाह बढ़ाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाए।

जिला कोषाध्यक्ष देवीशंकर गोचर और जिला जैविक प्रमुख राजेन्द्र नागर ने कहा कि यदि समय रहते नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को मजबूर होकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में संभाग विपणन प्रमुख मुकुटबिहारी, जिला कार्यालय मंत्री महावीर नागर, महानगर सह मंत्री रामसहाय उपाध्याय, महानगर प्रचार प्रमुख कमलेश जांगिड़, लाडपुरा तहसील मंत्री सूरजमल, महेन्द्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।