Stock Market: सेंसेक्स 522 अंक गिरकर 77093 पर और निफ्टी 24100 से नीचे

0
5

नई दिल्ली। Stock Market: कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते मंगलवार को शेयर मार्केट की ओपनिंग रेड जोन में रही। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत पर भी देखने को मिला। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा, जिससे घरेलू बाजार गिरावट के साथ खुले।

मंगलवार सुबह कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 500 अंकों से अधिक टूट गया। सुबह करीब 9:15 बजे सेंसेक्स 522.50 अंक यानी 0.67 फीसदी की गिरावट के साथ 77,093 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी शुरुआती कारोबार में दबाव में रहा। सूचकांक करीब 150 अंक यानी 0.59 फीसदी की गिरावट के साथ 24,075 के स्तर पर पहुंच गया।

गिरावट केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। व्यापक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.37 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 0.57 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। इससे साफ है कि निवेशकों ने छोटे और मझोले शेयरों में भी सतर्क रुख अपनाया।

सेंसेक्स एवं निफ्टी के लिए ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशिया और अमेरिका के बाजार: एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार रहा। जापान का निक्केई थोड़ा गिरा, जबकि दक्षिण कोरिया के कोस्पी में करीब 2.2% की गिरावट आई। अमेरिकी बाजार सोमवार को लाल निशान में बंद हुए, खासकर चिप कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली रही।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे: गिफ्ट निफ्टी 24,049 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 193 अंकों की छूट है, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
  • अमेरिका-ईरान युद्ध और तेल की कीमतें: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने संसद को बताया कि अमेरिका फिर से ईरान के साथ युद्ध की स्थिति में है, और उन्हें 60 दिनों के लिए सेना इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। वहीं, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डे पर हमले किए। इस तनाव के चलते ब्रेंट क्रूड 2% बढ़कर 84.98 डॉलर और अमेरिकी कच्चा तेल WTI 2.1% बढ़कर 79.79 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।